Wednesday, October 21st, 2026

पाकिस्तान में हथियारबंद बदमाशों ने किया जज का अपहरण, ड्राइवर सुरक्षित और कार भी बरामद

इस्लामाबाद/खैबर पख्तूनख्वा.

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हथियारबंद बदमाशों ने एक जिला एवं सत्र न्यायाधीश का अपहरण कर लिया। पुलिस ने बताया कि अफगानिस्तान की सीमा से लगे डेरा इस्माइल खान जिले के पास न्यायाधीश शकीरुल्लाह मारवात का अपहरण किया गया। जिले के डीएसपी मोहम्मद अदनान का कहना है कि अपहरण की यह वारदात बग्वाल गांव के पास हुई।

जज का अपहरण तब किया गया जब वह ड्यूटी से वापस लौट रहे थे। जज के ड्राइवर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और मौके से गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि न्यायाधीश के अपहरण की अब तक किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है।

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने मुख्यमंत्री पर उठाए सवाल
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के केंद्रीय सूचना सचिव फैसल करीम कुंडी ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा है कि खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर की शांति व्यवस्था के प्रति लापरवाही के कारण यह वारदात हुई है। कुंडी ने सवाल पूछा कि मुख्यमंत्री द्वारा राज्य में शांति को लेकर गंभीरता क्यों नहीं बरती जा रही? उन्होंने कहा कि जज के अपहरण की खबर से जनता में असुरक्षा की भावना पैदा हो गयी है।

जज की सुरक्षित बरामदगी के लिए निर्देश जारी
इस बीच खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री ने जज की सुरक्षित बरामदगी के लिए निर्देश जारी किये हैं। उन्होंने कहा कि मारवत की तलाशी के लिए आपातकालीन उपाय किए जा रहे हैं और सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। सीएम अमीन गंडापुर ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि अपहरण में शामिल लोग कानून से बच नहीं सकते।

पेशावर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश मे बुलाई आपातकालीन बैठक
उधर पेशावर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश इश्तियाक इब्राहिम ने दो अन्य न्यायाधीशों के साथ प्रांत में वरिष्ठ न्यायाधीशों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक आपातकालीन बैठक बुलाई है। बैठक में सूबे के अतिरिक्त मुख्य सचिव और पुलिस महानिरीक्षक अख्तर हयात खान शामिल हुए। जिला प्रशासन को न्यायाधीश की समय पर बरामदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

 

#kidnap judge#Pakistan

Source : Agency

पाठको की राय