Saturday, October 24th, 2026

30 सितंबर तक डाक विभाग की छात्रवृत्ति के लिए करें आवेदन, डाक टिकट संरक्षण के लिए हर महीने मिलेंगे 500 रुपये

मुरादाबाद
डाक विभाग मेधावी व स्कूल के फिलेटली क्लब के सदस्यों को दीन दयाल स्पर्श योजना के तहत पांच सौ रुपये प्रत्येक माह छात्रवृत्ति देने योजना इसी साल से शुरू करने जा रहा है। बच्चों में डाक टिकट संग्रहण को बढ़ावा देने व मेधावी बच्चों को आर्थिक मदद करने के उद्देश्य से यह छात्रवृत्ति शुरू की गई है। किसी भी स्कूल के कक्षा छह से नौ के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। आवेदन करने वालों छात्रों के लिए परीक्षा आयोजित कराई जाएगी।

940 छात्रों का होना है चयन
परीक्षा सबसे अधिक अंक पाने वाले बच्चों को एक साल तक प्रत्येक माह पांच सौ रुपये दिए जाएंगे। छात्रवृत्ति पाने के लिए छात्रों को प्रत्येक साल आवेदन करना होगा और सफल होने के बाद ही छात्रवृत्ति मिलेगी। इस साल 940 छात्रों को छात्रवृत्ति देने की योजना है।

सभी डाकघरों में उपलब्ध है आवेदन फॉर्म
मुरादाबाद के प्रवर डाक अधीक्षक वीर सिंह ने बताया कि सभी डाकघरों में आवेदन पत्र उपलब्ध कराए गए हैं। सभी पोस्टमास्टर को अपने क्षेत्रों के स्कूलों से संपर्क कर बच्चों के आवेदन कराने का प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं। तीन हजार बच्चों से आवेदन कराने का लक्ष्य रखा गया है।

बच्चों का खुलवाया जाएगा बचत खात
प्रवर डाक अधीक्षक मुरादाबाद वीर सिंह ने बताया कि छात्रवृत्ति परीक्षा के जरिए चयनित हुए बच्चों का पहले डाकघर में बचत खाता खुलवाया जाएगा। डाक घर के बचत खाते में ही बच्चों की छात्रवृत्ति हर महीने आएगी।

डाक टिकट खरीदने वालों से कैशलेस भुगतान की अपील
प्रवर डाक अधीक्षक वीर सिंह ने बताया कि डाक टिकट, लिफाफा खरीदने वाले, स्पीड पोस्ट व पार्सल करने वालों से क्यूआर कोड को स्कैन कर या अन्य कैशलेस द्वारा भुगतान करने की अपील की जा रही है। डाकघर में रेजगारी की किल्लत होने से लेन-देन करने वालों को परेशानी का सामना करना होता है। इस समस्या से बचने के लिए कैशलेस भुगतान करने की अपील की जा रही है।

 

#Apply for postal department

Source : Agency

पाठको की राय