Sunday, October 25th, 2026

अनवर ढेबर बने प्रदेश बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष


रायपुर। छग प्रदेश बैडमिंटन संघ की रविवार को विशेष सामान्य सभा की बैठक होटल वेंनिंगटन में हुई जिसमें प्रदेश के सभी स्थानों से कार्यकारिणी के सदस्य जूम मीटिंग के माध्यम से शामिल हुए जिसमें महापौर एजाज ढेबर के भाई अनवर ढेबर प्रदेश बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष चुने गए। इस अवसर पर छग ओलंपिक संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित थे।

संघ के महासचिव संजय मिश्रा ने बैठक की कार्यवाही प्रारंभ करते हुए कहा कि प्रदेश बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अखिल धगत जो कि पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे हैं, उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। अत: प्रदेश बैडमिंटन संघ का नया अध्यक्ष चुना जाना प्रस्तावित है। अध्यक्ष पद के लिए पूर्व अध्यक्ष अखिल धगत ने ही अनवर ढेबर का नाम प्रस्तावित किया है, जिसका अनुमोदन संघ के महासचिव संजय मिश्रा और कोषाध्यक्ष संजय भंसाली ने किया। साथ ही उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्व सम्मति से अनवर ढेबर का नाम पर अपनी सहमति प्रदान की। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने अध्यक्ष और महासचिव को अपनी नई कार्यकारिणी का गठन करने के लिए अधिकृत कर दिया।

ओलंपिक संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा ने अपने उदबोधन में कहा कि अनवर ढेबर के नेतृत्व में प्रदेश में बैडमिंटन एक नए आयाम को छूएगा। साथ ही प्रदेश में बैडमिंटन खेल के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अपने पहले अध्यक्षीय उदबोधन में अनवर ढेबर ने कहा कि वे प्रदेश का नाम बैडमिंटन के खेल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लाने के लिए कृतसंकल्पित हैं और भविष्य में मेरी पहचान बैडमिंटन के क्षेत्र में मेरे कार्यों से ही होगी, ऐसी मैं कामना करता हूं।

इस बैठक में जूम के माध्यम से अकरम खान रायगढ़, विनय रंजन बलौदाबाजार, जेपी श्रीवास्तव कोरिया, संगीत राजगोपालन दुर्ग, दीपंकर भिलाई, कविता दीक्षित रायपुर, बृजेश अग्रवाल जांजगीर, पीके तरफदार बिलासपुर, अमलेंदु दंतेवाड़ा, रूपेश कश्यप बालोद, जयंत देवांगन दुर्ग उपस्थित थे।

 

Source : Agency

पाठको की राय