Tuesday, October 20th, 2026

अनुपम खेर ने 519वीं फिल्म 'शिव शास्त्री बाल्बोआ' का फर्स्ट लुक किया शेयर, नीना गुप्ता भी लीड रोल में

अभिनेता अनुपम खेर (Anupam Kher) ने अपनी 519वीं फिल्म के बारे में बात कर दर्शकों को उत्साहित कर दिया है। गुरुवार को अभिनेता और अभिनेत्री नीना गुप्ता (Neena Gupta) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नई फिल्म 'शिव शास्त्री बाल्बोआ' (Shiv Shastri Balboa) का पहला लुक शेयर किया। यह फिल्म अजयन वेणुगोपलन (Ajayan Venugopalan) द्वारा निर्देशित है। अनुपम फिल्म के पहले लुक पोस्टर में नीना गुप्ता के साथ नजर आ रहे हैं।

अनुपम खेर, जो कि फिलहाल न्यू जर्सी में है, ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'मेरी नई फिल्म शिव शास्त्री बाल्बोआ का पहला लुक शेयर कर रहा हूं। एक आकर्षक कहानी है जिसमें बताया गया है कि अमेरिका के एक छोटे से शहर में एक भारतीय कैसे जीवित रहता है। शानदार अभिनेत्री नीना गुप्ता, काफी रोचक और गुणवान अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों और क्रू के साथ काम करके काफी खुशी हुई।'

नीना ने क्‍या लिखा?

नीना गुप्ता ने भी फिल्म के पहले पोस्टर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया और लिखा, 'हमारी नई फिल्म शिव शास्त्री बाल्बोआ पर अनुपम खेर के साथ इतने वर्षों बाद काम करने के लिए काफी उत्साहित रही।' फिल्म के पोस्टर की बात करें तो अनुपम खेर सफेद बनियान और नीली जींस में नजर रहे हैं जबकि नीना मरून टॉप और मोतियों के हार में दिख रही हैं।

इन फिल्‍मों में नजर आए अनुपम और नीना
अनुपम खेर आखिरी बार 2019 में 'द एक्‍सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर' में नजर आए थे। वहीं, नीना गुप्ता की आखिरी फिल्म 'सरदार द ग्रैंडसन' थी। वह नेटफ्लिक्स सीरीज 'मसाबा मसाबा' में भी अपनी बेटी के साथ दिखी थीं।

 

Source : Agency

पाठको की राय