Sunday, October 25th, 2026

अनुज हुए भाजपा में शामिल, बोले - पार्टी टिकट देती है चुनाव लड़ेंगे और पार्टी को जीत भी दिलाएंगे

रायपुर

छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सुपरस्टार और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित अनुज शर्मा ने गुरुवार की दोपहर को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा प्रभारी ओम माथुर और छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने गमछा पहनाकर सदस्यता ग्रहण करवाया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि अगर पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वे जरुर चुनाव लड़ेंगे और पार्टी को जीत भी दिलवाएंगे।

उन्होंने कहा कि वे काफी समय से भाजपा में शामिल होने चाहते थे लेकिन फिल्मों में व्यस्त रहने के कारण वे सदस्यता ग्रहण नहीं कर पा रहे थे। अब वक्त आ गया है अपने चाहने वालों की सेवा करने का, इसलिए आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण किया। पत्रकारों के द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर पार्टी उन पर विश्वास जताते हुए आगामी दिनों होने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट देती है तो वे जरुर चुनाव लडना चाहेंगे और उन्हें उम्मीद है कि वे जरुर जीतकर आएंगे और पार्टी को भी जीत दिलवाएंगे। इस अवसर पर भाजपा प्रभारी ओम माथुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत के अलावा अन्य भाजपागण उपस्थित थे।

 

Source : Agency

पाठको की राय