Saturday, October 24th, 2026

बृजभूषण सिंह के खिलाफ दर्ज FIR में WFI के एक और अधिकारी का नाम

 नई दिल्ली

पहलवानों के आरोपों के बाद भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली पुलिस के द्वारा जो प्राथमिकी दर्ज की गई है उसमें उनके करीबी सहयोगी और WFI के  सचिव विनोद तोमर का भी नाम शामिल है।  रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। आपको यह भी बता दें कि दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को भाजपा सांसद के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की थी। सूत्रों के मुताबिक, पहली एफआईआर एक नाबालिग पहलवान के आरोपों के आधार पर की गई है। इसमें पॉक्सो एक्ट लगाया गया है। दूसरी प्राथमिकी महिला पहलवानों की शिकायतों के आधार पर दर्ज की गई है।

दिल्ली पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है कि कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दर्ज दूसरी प्राथमिकी में बृजभूषण सिंह और विनोद तोमर, दोनों का ही नाम है। दोनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 354A और 354D के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायतों में तोमर के नाम का उल्लेख किया है, इसलिए हमने उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

एक नाबालिग सहित सात महिला पहलवानों ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।  रिपोर्ट में यह भी कहा है कि विनोद तोमर ने एफआईआर की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा,  ''मैं नई दिल्ली में अपने घर पर हूं। मुझे दिल्ली पुलिस से इसके बारे में कोई सूचना नहीं मिली है।"

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "जांच अधिकारी सभी पीड़ितों को नोटिस भेजकर सीआरपीसी की धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान दर्ज कराने के लिए कह सकते हैं। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

 

 

#बृजभूषण सिंह

Source : Agency

पाठको की राय