Saturday, October 24th, 2026

एलन मस्क का एक और ऐलान- मैनचेस्टर युनाइटेड को खरीद रहा हूं

 नई दिल्ली
 
दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलन मस्‍क के एक ट्वीट ने फिर से तहलका मचा दिया है। टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मस्क ने बुधवार अपने एक ट्वीट में लिखा है कि वे इंग्लिश फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड को खरीदने जा रहे हैं। उन्होंने लिखा कि मैं मैनचेस्टर यूनाइटेड खरीद रहा हूं। उनके इस ट्वीट के बाद इंटरनेट पर एक बार फिर सनसनी बन गई है।


दरअसल, एलन मस्क आए दिन कई अप्रत्याशित कदम उठाते रहते हैं। पिछले दिनों वे ट्विटर को लेकर दुनियाभर में जबरदस्त चर्चा में थे। उन्होंने ऐलान किया था कि वे ट्विटर को खरीद रहे हैं। हालांकि उनकी यह डील फाइनल नहीं हो पाई थी। अब वे एक बार फिर इसी तरह का ऐलान कर चर्चा में आ गए हैं। उनके इस ट्वीट पर यूजर्स प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
 
मैनचेस्टर युनाइटेड फुटबॉल क्लब ग्रेटर मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेफोर्ड में स्थित एक इंग्लिश फुटबॉल क्लब है। यह दुनिया में सबसे अधिक लोकप्रिय फुटबॉल क्लबों में से एक है। इसी क्लब की तरफ से दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी खेलते हैं। इसी क्लब को खरीदने की बात एलन मस्क कह रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि आपके खरीदने से हो सकता है कि क्लब के प्रदर्शन में सुधार हो जाए।

यह महज संयोग ही है कि हाल ही में मैनचेस्टर यूनाइटेड को प्रीमियर लीग के इतिहास में अपनी सबसे करारी हार का सामना करना पड़ा। क्योंकि कोच एरिक टेन हैग की टीम ने शनिवार को ब्रेंटफोर्ड से 4-0 से हार का सामना किया।

 

 

#एलन मस्क

Source : Agency

पाठको की राय