समारोह पूर्वक मना कलागुरु वीणा सहस्त्रबुद्धे का अमृत महोत्सव
( अमिताभ पाण्डेय )
भोपाल
सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ाने का काम कर रहे कला समूह नामक संस्थान ने आज शाम रिमझिम बारिश की फुहार के बीच सुरीले स्वर में संगीत की वर्षा कर श्रोताओं को खूब भिगोया।
सुर ताल के साथ राग रस वर्षा का यह आयोजन भोपाल की आकाशवाणी कालोनी में किया गया।
आज का यह आयोजन ग्वालियर घराने की विख्यात गायिका विदुषी वीणा सहस्त्रबुद्धे को समर्पित था । इसे अमृत महोत्सव के रुप में उनके शिष्यों ने समारोह पूर्वक मनाया ।
ये समारोह आज के दिन भोपाल के साथ ही पूरे विश्व मे उनके शिष्यों ने बहुत श्रद्धा भाव से मनाया।
भोपाल के समारोह में विशेष रूप से पुणे के विख्यात संस्कृति कर्मी सुधीर मोघे उपस्थित रहे। उन्होंने वीणा ताई की सांगीतिक यात्रा पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि वीणा ताई ने ग्वालियर घराने का नाम पूरे संसार में रोशन किया है। मध्यप्रदेश की एकमात्र शिष्या भोपाल की ही शास्त्रीय गायिका सुलेखा भट ने अपनी गुरु को स्वरांजलि दी।
उन्होंने अलग-अलग शास्त्रीय रागों पर आधारित संगीतमय प्रस्तुति दी ।तत्पश्चात कोशिका सक्सेना ने कृष्ण भजन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर वीणा सहस्त्रबुद्धे पर केंद्रित एक लघु डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म "रिमेंबरिंग वीणा सहस्त्रबुद्धे" का प्रदर्शन किया गया।
इस फ़िल्म का निर्देशन पुणे की कलाकार मौना रामचंद्रन ने किया है। कला समूह के राजेश भट ने अपनी खबर को बताया कि इस फ़िल्म का प्रीमियर आज पूरे विश्व के शिष्य वर्ग ने एक साथ अपने अपने शहरों में किया है। संगीत के अनुरागी इस फिल्म की मुक्तकंठ से सराहना कर रहे हैं।

पाठको की राय