Tuesday, October 20th, 2026

अमेरिका की 19 वर्षीय कोको गॉफ ने जीता यूएस ओपन का खिताब

न्यूयॉर्क.
अमेरिका की 19 वर्षीय कोको गॉफ यूएस ओपन 2023 की चैंपियन बन गई हैं। कोको ने यहां आर्थर एशे स्टेडियम में हुए फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए बेलारूस की अरीना सबालेंका को शिकस्त दी। कोको के करियर का यह पहला ग्रैंडस्लैम खिताब भी है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी दी गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका की इस खिलाड़ी के सामने सबालेंका पूरी तरह से असहाय नजर आईं और पहला सेट गंवाने के बाद कोको गॉफ ने मैच में जोरदार वापसी की। हालांकि कोको के लिए खिताबी मुकाबले की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सबालेंका ने पहले सेट को 6-2 से अपने नाम किया। इसके बाद दूसरे सेट में कोको ने बेहतरीन कमबैक किया। अमेरिका की युवा खिलाड़ी ने सेट को 6-3 से जीता। तीसरे सेट में भी कोको गॉफ सबालेंका पर भारी पड़ीं और उन्होंने 6-2 से सेट को अपने नाम करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।

रिपोर्ट्स के अनुसार कोको गॉफ इस अवसर पर भावुक हो गईं। वह अपने आंसू नहीं रोक सकीं और बीच कोर्ट पर रोने लगीं। यूएस ओपन के खिताबी मुकाबले में सबालेंका को फेवरेट माना जा रहा था। हालांकि, कोको ने अपने खेल से हर किसी को अपना दीवाना बना दिया। सेमीफाइनल मुकाबले में कोको ने कैरोलिना मुचोवा को मात देते हुए फाइनल का टिकट हासिल किया था।

 

#America's 19-year-old

Source : Agency

पाठको की राय