Amazon Prime हुआ 50% तक महंगा
नई दिल्ली
Amazon ने भारतीय कस्टमर्स को बड़ा झटका दिया है. कंपनी ने अपने Amazon Prime सब्सक्रिप्शन को 50% तक महंगा कर दिया है. 14 दिसंबर से एक साल के लिए Amazon Prime सब्सक्रिप्शन आपको 1,499 रुपये देने होंगे.
Amazon के मुताबिक कंपनी ने मंथली और सालाना दोनों ही प्लान महंगे कर दिए हैं. पहले एक साल तक के लिए Amazon Prime सब्सक्रिप्शन लेने के लिए 999 रुपये देने होते थे, लेकिन अब कल यानी 14 दिसंबर से 1,499 रुपये हो जाएंगे.
मंथली और क्वॉटरली प्लान भी महंगे कर दिए गए हैं. पहले एक महीने की सब्सक्रिप्शन के लिए 129 रुपये देने होते थे, लेकिन अब इसके लिए आपको 179 रुपये देने होंगे. जबकि क्वॉटरली प्लान के लिए 329 रुपये देने होते थे जिसे बढ़ा कर अब 459 रुपये कर दिया गया है.
Amazon के मुताबिक कंपनी बेहतर सर्विस देने के लिए प्लान की कीमते बढ़ा रही है. कीमत बढ़ने के बाद भी हालांकि आपको कोई एक्स्ट्रा फीचर्स नहीं मिलेंगे. मौजूदा फीचर्स जो Amazon Prime सब्सक्रिप्शन के साथ मिलते हैं वो ही चलते रहेंगे.
Amazon के मुताबिक जिन यूजर्स को पुरानी कीमतों पर सब्सक्रिप्शन लेना है या इसे रिन्यू करना है तो 13 दिसंबर रात 11.59 बजे से पहले ही ये काम करना होगा. 14 दिसंबर से बढ़ी हुई कीमतें लागू हो जाएंगी और फिर जाहिर है आपके पास पुरानी कीमतों पर प्लान लेने का मौका नहीं होगा.
Amazon Prime सब्सक्रिप्शन की बात करें तो इस सर्विस के अंदर कस्टमर्स को प्राइम वीडियो और ऐमेजॉन म्यूजिक की भी सब्सक्रिप्शन मिलती है. इसके अलावा ऐमेजॉन प्राइम के तहत वन डे या टू डे डिलिवरी का ऑप्शन मिलता है.
Amazon Prime सब्क्रिप्शन वाले यूजर्स के लिए प्राइम डे सेल के दौरान अर्ली ऐक्सेस भी दिया जाता है. इसके अलावा ऐमेजॉन प्राइम सब्सक्रिप्शन के तहत यूजर्स को गेमिंग और प्राइम रीडिंग की भी सुविधा मिलती है.
अगर आपका ऐमेजॉन प्राइम सब्क्रिप्शन खत्म होने वाला है तो ऐसे में आप पुराने प्लान के साथ आज रिन्यू कर सकते हैं. अगर ऐमेजॉन प्राइम सब्सक्रिप्शन लेने की तैयारी में हैं तो ये सही समय है, क्योंकि प्लान 50% तक महंगे हो रहे हैं ऐसे में आपके कुछ पैसे बच जाएंगे.
गौरतलब है कि OTT प्लैटफॉर्म में अभी भी Netflix की सब्सक्रिप्शन सबसे महंगा है. Disney Plus Hotstar और Amazon Prime सब्सक्रिप्शन लगभग एक ही प्राइस प्वाइंट पर हो गई है.

पाठको की राय