Sunday, October 25th, 2026

खराब मौसम और भारी बारिश के चलते अमरनाथ यात्रा रोकी गई

जम्मू
खराब मौसम और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की बुरी हालत के चलते जम्मू से अमरनाथ यात्रा रोक दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू से किसी भी नए जत्थे को आधार शिविर की ओर जाने नहीं दिया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, रामबन जिले में विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश के बाद भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण बंद राष्ट्रीय राजमार्ग को गुरुवार रात एक तरफ से यातायात के लिए खोल दिया गया था।

 

यात्रा प्रबंधन से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि राजमार्ग की बुरी हालत और खराब मौसम को देखते हुए जम्मू से अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। इससे पहले 10 और 11 जुलाई को भी खराब मौसम के चलते जम्मू से अमरनाथ यात्रा निलंबित कर दी गई थी। अधिकारियों के अनुसार, राजमार्ग पर आवाजाही पूरी तरह से शुरू होने की स्थिति में शाम से जम्मू से एक बार फिर यात्रा की अनुमति दी जा सकती है। बता दें कि 43 दिवसीय यात्रा 30 जून को शुरू हुई थी। यह 11 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर खत्म होगी। 

 

#अमरनाथ यात्रा

Source : Agency

पाठको की राय