Aly Goni ने चोरी नहीं होने दिए Rahul Vaidya के जूते, बेस्टफ्रेंड की शादी में बाराती बनकर मचाया धमाल
'बिग बॉस' के सीजन 14 में अपना जलवा बिखेरने वाले सिंगर राहुल वैद्य (Rahul Vaidya) ने अपनी जिंदगी की एक नई पारी की शुरुआत की है। उन्होंने 16 जुलाई यानी शुक्रवार को अपनी गर्लफ्रेंड दिशा परमार (Disha Parmar) के साथ शादी रचा ली है। राहुल वैद्य की शादी में उन्होंने खुद और उनके दोस्तों ने जमकर धमाल मचाया। खासतौर पर उनके बेस्टफ्रेंड अली गोनी (Aly Goni) ने दोस्ती का खूब फर्ज निभाया। अली गोनी ने दूल्हेराजा के जूते चोरी होने से बचा लिए।
राहुल वैद्य की शादी के तमाम वीडियोज और फोटोज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। उनकी शादी का एक और वीडियो सामने आया है और इसमें राहुल वैद्य और दिशा परमार स्टेज पर एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आ रहे हैं। यह कपल काफी खुश दिखाई दे रहा है। इस दौरान अली गोनी की आवाज आती है, 'जूते चोरी होने नहीं देंगे।' हालांकि अली गोनी का चेहरा दिखाई नहीं दिया।
इससे पहले अली गोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दूल्हेराजा राहुल वैद्य के साथ की एक तस्वीर शेयर की है। इसमें दोनों मस्ती के मूड में नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस तस्वीर के साथ लिखा, 'आज मेरे यार की शादी है।' इसके अली गोनी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शादी के कई वीडियोज शेयर किए हैं। उन्होंने अपने बेस्टफ्रेंड राहुल वैद्य की शादी में बाराती बनकर धमाल मचाया।
बताते चलें कि राहुल वैद्य ने दिशा परमार को नैशनल टीवी पर 'बिग बॉस 14' में शादी के लिए प्रपोज किया था। दोनों की दोस्ती और प्यार की शुरुआत एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। कोरोना संक्रमण के कारण शादी में सिर्फ 50 मेहमानों के शामिल होने की इजाजत थी। लिहाजा राहुल वैद्य और दिशा परमार के परिजनों के साथ कुछ बेहद करीबी दोस्त ही शादी समारोह में शिरकत कर पाए।

पाठको की राय