सभी विश्वविद्यालय मेडिकल कालेज खोलकर पढ़ाई कराएंगे-मंत्री यादव
भोपाल
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के 51वें स्थापना दिवस राज्यपाल मंगुभाई पटेल 3.05 पर पहुंचे। इसके बाद 3.25 पर उच्च शिक्षा मंत्री पहुंचे। उन्होंने मंच पर खडे होकर विलंब से पहुुंचने पर राज्यपाल पटेल से हाथ जोडकर माफी मांगी। राज्यपाल ने उन्हें तत्काल माफ भी किया। कार्यक्रम के पूर्व राज्यपाल पटेल ने ज्ञान विज्ञान भवन के पास कदंब के पौधे का रोपण किया। राज्यपाल पटेल ने कहा कि शिक्षा को और अधिक समाजोपयोगी बनाया जाए। हमारे विद्यार्थियों को जीवन मूल्यों, मानकों एवं उत्तरदायित्वों के प्रति सजग बनाने और राष्ट्र की उन्न्ति में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने विश्वविद्यालयों से अपेक्षा की है कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा प्रणाली में प्रभावी बदलाव करें, जिससे विद्यार्थियों में मौलिकता का विकास हो। विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण और मूल्य आधारित शिक्षा ग्रहण कर, अपनी क्षमता एवं योग्यता से देश के विकास में सक्रिय योगदान देने में सक्षम हो। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हर विवि में कृषि संकाय शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी से सबक लेते हुए चिकित्सा के प्रचलित दायरे से बाहर आने की आवश्यकता महसूस हुई है। मेडिकल की पढ़ाई सिर्फ एक विश्वविद्यालय के दायरे में नहीं रहेगी। जब निजी कालेज और विवि मेडिकल की पढाई करा सकते हैं, तो शासन के सभी विश्वविद्यालय मेडिकल की पढ़ाई क्यों नहीं करा सकते। इसलिए सभी विश्वविद्यालय मेडिकल कालेज खोलकर पढ़ाई कराएंगे।
बीयू भी स्मार्ट सिटी के साथ काम करे
मंत्री यादव ने कहा कि स्मार्ट सिटी के पास इंक्यूबेशन सेंटर बनाने के पूंजीगत संसाधन उपलब्ध है। मानव संसाधन की कमी है, जबकि विवि के पास मानव संसाधन है। उज्जैन में विक्रम विश्वविद्यालय और स्मार्ट सिटी ने पारस्परिक समन्वय कर, इंक्यूबेशन सेंटर शुरू किया है, जिसका निर्माण स्मार्ट सिटी ने किया है और संचालन विश्वविद्यालय द्वारा किया जा रहा है। इस प्रकार के नवाचारों का अनुसरण किया जाना चाहिए।
टीकाकरण की सराहना
राज्यपाल यादव कहा कि देश में सर्वाधिक टीकाकरण मध्यप्रदेश में हुआ है। यह उपलब्धि राज्य सरकार व समाज की सहभागिता से प्राप्त हुई है। राज्य को प्रोत्साहन के रूप में 14 लाख टीका का डोज अतिरिक्त देने लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और कर्मचारियों की टीकाकरण कार्य सहयोग के लिए सराहना की। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डीपी आहूजा,विवि के कुलपति प्रो आरजे राव मौजूद थे। राज्यपाल एवं उच्च शिक्षा मंत्री ने शनिवार को बीयू के सेवानिवृत्त हो रहे कुलसचिव एचएस. त्रिपाठी को शुभकामनाएं दी।

पाठको की राय