Sunday, October 25th, 2026

सर्वदलीय बैठक: कल से विधानसभा मानसून सत्र

भोपाल
मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र नौ अगस्त से शुरु होगा। चार दिवसीय इस सत्र में दो लंबित विधेयक और तीन नये विधेयक पेश किए जाएंगे। वर्ष 21-22 के लिए अनुपूरक बजट भी मानसून सत्र के दौरान पेश किया जाएगा। इस बार भी सीमित संख्या में सदन में प्रवेश दिया जाएगा। वेक्सीन लगवा चुके विधायकों और अधिकारियों-कर्मचारियों को ही इस बार प्रवेश दिया जाएगा। जिन्हें वैक्सीन नहीं लगी है उन्हें वेक्सीन लगाने की व्यवस्था भी परिसर में की जाएगी।  सत्र की तैयारियों के सिलसिले में रविवार को विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने सर्वदलीय बैठक बुलाकर सदन के नेता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ , संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा और अन्य सदस्यों के साथ चर्चा की।

 विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना महामारी अभी समाप्त नहीं हुई है इसलिए सुरक्षा जरुरी है। सभी विधायक मास्क लगाकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए सदन में प्रवेश करें। जिन्होंने वेक्सीन का टीका लगवा लिया है वे जानकारी दे और जिन्होंने नहीं लगवाया है वे वेक्सीन लगवाने के बाद ही प्रवेश ले। मास्क और सेनेटाईजर का उपयोग अनिवार्य रुप से करने के लिए अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से आग्रह किया है।

विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने विधानसभा के मानसरोवर कक्ष में असंसदीय शब्द एवं वाक्यांश संग्रह पुस्तक का विमोचन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ तथा संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी मौजूद थे। चालीस पेज की इस पुस्तक में लगभग 1560 असंसदीय शब्द और वाक्यांश शामिल किए गए है जिन्हें समय समय पर विधानसभा की कार्यवाही से विलोपित कराया गया है।  इसमें पप्पू, फेकू, तड़ीपार, चोर,बंटाधार जैसे शब्द शामिल है। विधानसभा अध्यक्ष ने सदस्यों से आग्रह किया कि वे इन शब्दों और वाक्यांशों का उपयोग करने से बचें।

 

#Assembly monsoon

Source : Agency

पाठको की राय