Wednesday, October 21st, 2026

आकाशवाणी ने आयोजित की युवा संगोष्ठी, विषय विशेषज्ञों से मिला मार्गदर्शन

( अमिताभ पाण्डेय)
भोपाल।
भारत की जी-20 अध्यक्षता के उत्सव के क्रम में आकाशवाणी भोपाल द्वारा  8 सितंबर 2023  को स्थानीय मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट, भोपाल) के सहयोग से मैनिट सभागार में युवा संगोष्ठी (यूथ कॉन्क्लेव) का आयोजनन किया गया।

इस संगोष्ठी में विभिन्न अतिथि विशेषज्ञों ने युवाओं से अलग-अलग विषयों पर संवाद कर उन्हें मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके तहत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, एम्स भोपाल में पैथोलॉजी की पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. नील कमल कपूर ने 'आज का युवा और स्वास्थ्य' विषय पर युवाओं से चर्चा की। उन्होंने आगामी 30 से 40 वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में युवाओं की प्रतिभागिता के महत्व को रेखांकित किया। युवाओं को स्वास्थ्य की महत्ता बताते हुए उन्होंने फिजिकल के साथ साथ मानसिक और इमोशनल स्वास्थ्य के महत्व को भी समझाया। उन्होंने खानपान के साथ एक्सरसाइज, नींद के महत्व पर भी अपनी बात रखी।

सागर इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, भोपाल के प्राचार्य डॉ. मनीष बिल्लोरे ने 'भारत की वैज्ञानिक प्रगति' विषय पर युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में आर्यभट्ट, वराहमिहिर, कणाद, सुश्रुत, श्रीनिवास रामानुजन जैसी विभूतियों का जिक्र करते हुए अब तक की भारत की विज्ञान के क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख किया।

इस संगोष्ठी में मैनिट भोपाल के कुछ युवा वक्ताओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्रा स्नेहा व्यास ने 'जी-20 समिट में भारत की अध्यक्षता का क्या महत्व समझता है युवा' विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने भारत की जी 20 अध्यक्षता से जुड़े विभिन्न विषयों का जिक्र करते हुए इसके महत्व को रेखांकित किया।

छात्र वैभव राजोरिया ने 'भारत का युवा सम्पूर्ण युवा जगत को राह दिखाने में सक्षम हो रहा है' विषय पर अपनी बात रखी। उन्होंने दुनियाभर की महत्वपूर्ण संस्थाओं और संगठनों में काबिज भारतीयों का जिक्र करते हुए लगातार सशक्त हो रहे भारतीय युवाओं की क्षमताओं पर बात की।

छात्रा विदुषी शर्मा ने 'भारत पुनः विश्वगुरु बनने की राह पर है' विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने वैश्विक पटल पर भारत की बढ़ती साख का जिक्र करते हुए देश की विभिन्न उपलब्धियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने विकासशील से विकसित देश बनने की राह पर अग्रसर भारत के पुनः विश्वगुरु के रूप में स्थापित होने की संभावनाओं पर भी अपनी बात रखी।

कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी राजेश भट ने किया। आभार प्रदर्शन मैनिट भोपाल के आर्किटेक्चर विभाग के प्राध्यापक राहुल तिवारी ने किया। इस मौके पर आकाशवाणी भोपाल के केंद्राध्यक्ष यशवंत एच चिवंडे, कार्यक्रम प्रमुख विश्वास केलकर सहित आकाशवाणी के विभिन्न अधिकारी और मैनिट भोपाल के विभिन्न प्राध्यापकों सहित बड़ी संख्या में छात्र भी मौजूद रहे।

 

#India Radio

Source : Agency

पाठको की राय