अखिल भारतीय जन विज्ञान कांग्रेस में होगा 'भारत का विचार' विषय पर मंथन
अमिताभ पाण्डेय
भोपाल। ( अपनी खबर)
आगामी 6 से 9 जून तक भोपाल में 17वीं अखिल भारतीय जन विज्ञान कांग्रेस का आयोजन होगा। आल इंडिया पीपुल्स साइंस नेटवर्क की ओर से आयोजित 17वीं अखिल भारतीय जन विज्ञान कांग्रेस में देश के सभी राज्यों के 800 से अधिक वैज्ञानिक, बुद्धिजीवी, कलाकार और सामाजिक कार्यकर्ता हिस्सेदारी करेंगे।
इस दौरान "भारत का विचार: वैज्ञानिक स्वभाव, आत्मनिर्भरता और विकास" विषय पर 4 दिनों तक सेमिनार, गोष्ठी, कार्यशाला और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उपरोक्त जानकारी देते हुए स्थानीय आयोजन समिति की आशा मिश्रा ने बताया कि इस दौरान देश के महत्वपूर्ण लोग, विभिन्न विषयों के विषय विशेषज्ञ , सामाजिक कार्यकर्ता एक साथ मौजूद रहकर हमारे समय के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और चिंतन करेंगे। ।
इस कार्यक्रम में किसान, महिला, मजदूर संगठनों से जमीनी कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं के अलावा शिक्षा, जेंडर, स्वास्थ्य आदि मुद्दों पर काम करने वाले साथी भी शिरकत करेंगे।
इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विभिन्न राज्यों से कार्यकर्ता के आने का सिलसिला शुरू हो गया हैं। इन्हें अलग अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसी क्रम में मिजोरम और नागालैंड से भी 11 कार्यकर्ता आ गए हैं। इस 4 दिवसीय कार्यक्रम में 10 राज्यों के कलाकार नाटक, जनगीत, नृत्य, कविता आदि की प्रस्तुतियां देंगे। इनमें नागालैंड, तमिलनाडु, मिजोरम, झारखंड, उड़ीसा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और बिहार के साथ मध्य प्रदेश के समूह शामिल हैं।
आयोजन समिति से जुड़े सचिन श्रीवास्तव और राजू नीरा ने बताया कि यदि कोई नागरिक अथवा युवा साथी अपने आइडिया को साझा करना चाहते हैं , तो उसके लिए अलग से स्थान रखा गया है। पिछले दिनों जिन साथियों का निधन हुआ है, उनके बारे में एक वॉल पर जानकारी दी जाएगी। आजादी के 75वें वर्ष में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में एक पूरी वॉल आजादी के बाद के भारत की यात्रा पर केंद्रित होगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान 14 कार्यशालाएं होंगी। इसके अलावा मुख्य कार्यक्रम में 70 से अधिक वक्ता अपनी बात रखेंगे। कार्यक्रम स्थल को स्वर्गीय अमित सेनगुप्ता परिसर का नाम दिया गया है। इसके अलावा कार्यक्रम स्थलों का नाम विनोद रैना, एम विजयन, अजय खरे और कमला भसीन की स्मृतियों को याद रखने के लिए उनके नाम पर रखा गया है।
अखिल भारतीय जन विज्ञान कांग्रेस में "विज्ञान लोकप्रियता, तर्कसंगतता और वैज्ञानिक स्वभाव", "उभरती हुई प्रौद्योगिकियां और चुनौतियां", "शिक्षा", "स्वास्थ्य" "लिंग और सामाजिक बहिष्कार", "कृषि, जल और खाद्य सुरक्षा", "ग्रामीण आजीविका", "आत्मनिर्भरता, विकास, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन" और "समाज पर कोविड -19 का प्रभाव और समन्वय और राहत प्रदान करने की रणनीतियां" आदि विषयों पर गंभीर मंथन होगा। इसके अलावा मध्य प्रदेश के विकास पर अलग से सत्र होगा। आयोजन को लेकर शांति , प्रगति , एकता , समतामूलक समाज और अन्याय_ शोषण के विरुद्ध संघर्ष में सहयोगी महिला,पुरुष , युवक , युवतियों में उत्साह देखा जा रहा है।

पाठको की राय