Friday, October 23rd, 2026

BJP वर्कर्स को ऐसे किया सतर्क: 'बेलगाम घोड़ा है सोशल मीडिया, इसका कोई माई-बाप नहीं': CM योगी

नई दिल्ली 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया को 'बेलगाम घोड़ा' बताया है और कहा है कि इसका 'कोई माई-बाप' नहीं है। भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मौजूदा समय में सोशल मीडिया एक तरह से 'बेलगाम घोड़ा' है और इस पर लगाम कसने के लिए प्रशिक्षण और तैयारियों की जरूरत है। लखनऊ में आयोजित सोशल मीडिया वर्कशॉप में योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी आईटी सेल के वर्कर्स और अधिकारियों से ये बातें कहीं। 

 खबर के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क करते हुए चेताया कि अगर वे सावधानी नहीं बरतते हैं तो फिर वे मीडिया ट्रायल का शिकार हो सकते हैं। पेगासस जासूसी कांड विवाद का हवाला देते हुए उन्होंने पार्टी के आईटी सेल के कार्यकर्ताओं से कहा कि सोशल मीडिया पर जवाब देने के लिए तैयार हो जाइए और किसी मुहूर्त का इंतजार मत कीजिए। 

भारत में मीडिया के बदलते स्वरूप पर बात करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक वक्त था जब शक्तिशाली प्रिंट और टेलीविजन मीडिया के मालिक और संपादक हुआ करते थे, मगर सोशल मीडिया का कोई माई-बाप नहीं है। प्रिंट और विजुअल मीडिया में पहले कुछ लोग हुआ करते थे, जिनका नियंत्रण होता था, मगर सोशल मीडिया पर किसी का कंट्रोल नहीं है। इसलिए अगर आप सचेत नहीं रहते हैं तो आप मीडिया ट्रायल का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने आगे कहा, इसलिए इस बेलगाम घोड़े को नियंत्रित करने के लिए हमारे पास उस प्रकार का प्रशिक्षण और उस प्रकार की तैयारी बहुत आवश्यक है। 
 
बता दें कि आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर उत्तर प्रदेश में रहेंगे। इस दौरान वह दो पंचायत अध्यक्षों के अलावा पार्टी पदाधिकारियों और मंत्रियों को मिशन 2022 की जीत का पाठ पढ़ाएंगे। वह शानिवार को सुबह 11 बजे चैधरी चरण सिंह एयरपोर्ट लखनऊ पहुंचेंगे। जहां पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।

 

#CM योगी

Source : Agency

पाठको की राय