Tuesday, October 20th, 2026

Alert! ऑनलाइन क्लास के नाम पर ठगों के आ रहे हैं फोन

देहरादून
आपके पास अगर कोई कॉल आए कि आपके बच्चे को ऑनलाइन क्लास देंगे तो सावधान हो जाइए। ये साइबर ठग भी हो सकते हैं, जो एक दिन की डेमो क्लास देकर आपसे एडवांस पैसा हड़प सकते हैं। कई अभिभावकों के पास ऐसी कॉल आई हैं। कुछ ने तो पैसे भी दे दिए। साइबर ठगों ने ऑनलाइन क्लास के नाम पर धोखाधड़ी का नया तरीका अपनाया है। वे अनजान नंबरों से लोगों को कॉल कर रहे हैं। उनसे पूछा जा रहा है कि बच्चे किस क्लास में पढ़ते हैं। जानकारी देने पर वे ऑनलाइन क्लास देने की बात कहते हैं। इसके बाद कुछ देर डेमो क्लास दी जाती है। इसके बाद तीन से सात हजार रुपये तक एडवांस लिए जाते हैं, जिसने पैसे भरे, वे ठगी के शिकार हो जाते हैं। कई अभिभावकों के पास ऐसी कॉल आ चुकी हैं। कुछ ने पैसे भी ठगों के खातों में डाल दिए।

सरकारी स्कूलों के अभिभावकों को ज्यादा खतरा
साइबर ठग सरकारी स्कूलों के अभिभावकों को ज्यादा आसानी से शिकार बना रहे हैं। ऐसे लोगों के बच्चों की ऑनलाइन क्लास भी काफी कम हो रही है। ऐसे में वो जल्दी झांसे में आ रहे हैं।

ऐसे रहें सावधान

  • कोई कॉल आए तो एडवांस पैसे न दें।
  • अपने बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई के लिए स्कूल से ही संपर्क करें।
  • अगर कोई भी ऑनलाइन क्लास दे रहा हो तो एक माह बाद ही फीस देने की बात करें।

 

#Alert

Source : Agency

पाठको की राय