Wednesday, October 21st, 2026

अखिलेश यादव ने योगी पर कसा तंज; द कश्मीर फाइल्स पर भी बोले

लखनऊ
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अटल बिहारी वाजपेयी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (इकाना स्टेडियम) में सीएम आदित्यनाथ के शपथग्रहण को लेकर चल रही तैयारियों को लेकर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सपा शासन में बने स्टेडियम में शपथ ग्रहण करना पड़ रहा है। अखिलेश यादव ने द कश्मीर फाइल्स को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि लखीमपुर फाइल्स फिल्म भी बननी चाहिए।

अखिलेश यादव ने पत्रकारों से कहा, ''इकाना का पहले नाम बदला गया। भगवान विष्णु के नाम पर वह स्टेडियम बनाया गया था, उसका नाम बदल दिया गया। सरकार के पास कोई दूसरा स्थान नहीं है, इसलिए उस स्थान पर कार्यक्रम हो रहा है, जो सपा शासन में बनाया गया था।'' अखिलेश यादव ने कश्मीर फाइल्स को लेकर किए गए एक सवाल के जवाब में लखीमपुर खीरी हिंसा के सहारे जवाब दिया। उन्होंने कहा, ''यदि कश्मीर फाइल्स पर फिल्म बन रही है तो लखीमपुर फाइल्स पर भी फिल्म बननी चाहिए। पड़ोसी जिला जहां जीप से किसानों को कुचल दिया गया था। समय आए और लखीमपुर फाइल्स पर भी फिल्म बने।''

इकाना में शपथ ग्रहण की तैयारियां
शपथ ग्रहण समारोह को बेहद भव्य बनाने की तैयारी हो रही है। यह समारोह इकाना स्टेडियम में होगा। इकाना स्टेडियम का निरीक्षण भी किया गया है। शासन ने एलडीए से इकाना स्टेडियम के आसपास की सड़कों को दुरुस्त करने के लिए कहा है। समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।

 

 

#Akhilesh Yadav

Source : Agency

पाठको की राय