Tuesday, October 20th, 2026

अखिलेश यादव बोले, अब इनकम टैक्स विभाग भी यूपी में चुनाव लड़ने आ गया

लखनऊ
समाजवादी पार्टी नेताओं और करीबियों के घर और दफ्तर पर आयकर विभाग के छापेमारी पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को हार सतायेगी तो दिल्ली से बड़े-बड़े नेता आएंगे। अभी इनकम टैक्स विभाग आया है फिर ईडी और सीबीआई आएगी। अब इनकम टैक्स विभाग भी उत्तरप्रदेश में चुनाव लड़ने आ गया। भाजपा के पास कोई नया रास्ता नहीं है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा पर जमकर हमला बोला। अखिलेश यादव ने सपा प्रवक्ता राजीव राय के यहां की गई छापेमारी पर कहा कि चुनाव को देखते हुए सब किया जा रहा है। इनकम टैक्स रिटर्न निकालने के समय क्यों नहीं देखा गया। पार्टी और नेता इससे डरने वाले नहीं है। भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस के रास्ते पर चल रही है।कांग्रेस का पुराना इतिहास उठा कर देखिए, जब भी डराना होता था तो इन्हीं संस्थाओं का इस्तेलमाल कर डराया जाता था।अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी कह रही थी हम रामराज्य लाएंगे। लेकिन जो समाजवाद का रास्ता है, वही रामराज्य लाएगा। 

दरअसल, आयकर विभाग की टीम ने शनिवार सुबह लखनऊ, मैनपुरी, मऊ में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबियों और सपा नेताओं के घर और कैंप कार्यालयों पर छापेमारी की है। मैनपुरी के मनोज यादव, लखनऊ में पूर्व सीएम के ओएसडी जैनेंद्र यादव और मऊ के राजीव राय सहित लगभग एक दर्जन से ज्यादा नेता शामिल हैं। लखनऊ में आयकर का छापा आंबेडकर पार्क के पास स्थित जैनेंद्र यादव के आवास पर पड़ा है। वहीं मऊ में सपा नेता राजीव राय के कैंप कार्यालय पर छापेमारी की गई। छापेमारी की सूचना पर दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। हंगामा बढ़ने की आशंका के चलते भारी पुलिस फोर्स मौके पर बुलाया गया है। 
 

 

#Akhilesh Yadav

Source : Agency

पाठको की राय