Thursday, October 22nd, 2026

अखिलेश यादव ने कहा- 'कोरोना काल में हुई मौतों की जिम्मेदार है भाजपा सरकार'

लखनऊ
सपा अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोरोना काल के दौरान हुई मौत की जिम्मेदार भाजपा सरकार है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर सरकारी अस्पताल बदइंतजामी के शिकार थे, वहीं दूसरी ओर निजी हॉस्पिटल लूट के अड्डे बन गये थे। कहा कि सरकार की निष्क्रियता की वजह से पहले लोगों को बेड और ऑक्सीजन के लिए तड़पना पड़ा। तो वहीं, अब मरीजों की मौत के बाद उनके परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटकना पड़ रहा है।
 
परिजन शपथ-पत्र व हलफनामा देने को तैयार थे उसके बाद भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। यह बात अखिलेश यादव ने जारी अपने एक बयान में कही। पूर्व सीएम ने कहा कि कोरोना काल में बदहाली झेल रहे छोटे दुकानदारों की पीड़ा सिर्फ समाजवादियों ने सुनी। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में छोटे कारोबारियों के लिए कोई राहत नहीं दी, जबकि कोरोना काल में उन्होंने दैनिक उपयोग की वस्तुओं की आपूर्ति अपनी जान पर खेल कर की है। भाजपा केवल बड़े व्यापारियों की हितैषी है।

 

#अखिलेश यादव

Source : Agency

पाठको की राय