Tuesday, October 27th, 2026

अखिलेश ने नामांकन के आखिरी दिन खत्‍म किया सस्‍पेंस, आजमगढ़ से धर्मेन्‍द्र यादव ठोकेंगे ताल

आजमगढ़
समाजवादी पार्टी ने आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेन्‍द्र यादव पर दांव लगाया है। पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। धर्मेन्‍द्र यादव, पूर्वांचल एक्‍सप्रेस से कुछ ही देर में आजमगढ़ पहुंचने वाले हैं। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता उनका इंतजार कर रहे हैं। नामांकन के दौरान जिले के सभी 10 विधायक मौजूद रहेंगे।

आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव के लिए सपा उम्‍मीदवार का सस्‍पेंस नामांकन के आखिरी दिन दूर हुआ है। सपा ने इस बारे में सोमवार को अपने पत्‍ते खोले। सैफई परिवार के सदस्य और बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव को पार्टी ने आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया है। इसके पहले इस सीट से सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव की पत्‍नी और पूर्व सांसद डिम्‍पल यादव को प्रत्‍याशी बनाए जाने की चर्चा थी। विधानसभा में पार्टी के सचेतक डॉ संग्राम यादव ने बताया कि गहन मंत्रणा के बाद हाईकमान ने यह तय किया कि धर्मेंद्र यादव ही यहां से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी होंगे।

सोमवार की सुबह लगभग 11:30 बजे वह अपना नामांकन दाखिल करेंगे। बता दें कि सोमवार को ही नामांकन का आखिरी दिन है। बसपा प्रत्याशी शाह आलम गुड्डू जमाली ने अपना नामांकन पहले ही कर दिया है। वहीं भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ भी सोमवार को ही दोपहर 12:30 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

 

#Akhilesh

Source : Agency

पाठको की राय