Wednesday, October 21st, 2026

प्रियांक पांचाल को मौका मिलने पर आकाश चोपड़ा ने उठाए सवाल, कहा- फैसला हैरान करने वाला है

नई दिल्ली
बीसीसीआई ने सोमवार को सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के प्रैक्टिस सेशन के दौरान चोटिल होने के बाद दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर भारत 'ए' टीम के कप्तान प्रियांक पांचाल को टीम में जगह दी है। पांचाल घरेलू क्रिकेट में जाना पहचाना नाम हैं, जहां उन्होंने 100 फर्स्ट क्लास मैचों में 24 शतक सहित 7011 रन बनाए हैं। बोर्ड के इस फैसले पर भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश ने सवाल उठाए हैं और कहा है कि पांचाल की जगह अभिमन्यु ईश्वरन को टीम में मौका मिलना चाहिए था। अपने यूट्यूब पर बात करते हुए आकाश ने कहा, ''अभिमन्यु ईश्वरन इंग्लैंड टूर पर भी गए थे। वह इंडियन टीम का हिस्सा थे और बैकअप ओपनर के तौर पर उन्हें शामिल किया गया था, लेकिन अब वह बैकअप ओपनर नहीं हैं। टीम चयन को लेकर कोई क्लैरिटी ही नहीं है। अचानक से कहानी में ट्विस्ट आया और प्रियांक पांचाल को टीम में शामिल कर लिया गया। अब वह बैकअप ओपनर हैं जो कि काफी हैरान करने वाला है।'' उन्होंने आगे कहा, ''जयंत यादव टीम में है और अब वॉशिंगटन सुंदर ने खेलना शुरू कर दिया है, लेकिन अब उनकी कोई बात ही नहीं कर रहा है। अभी भी हम गाबा की जीत का जश्न मना रहे हैं और हमें याद करना चाहिए कि उन्होंने उस मैच में क्या किया था। सुंदर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के बाद भारत में भी अच्छा प्रदर्शन किया था।''

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड है चुने जाने की वजह
रोहित के चोटिल होने पर उनकी जगह लेने के लिए वैसे तो कई बड़े नाम मौजूद थे, लेकिन अहमदाबाद में जन्मे पांचाल को चुने जाने की वजह उनकी मौजूदा शानदार फॉर्म है। हाल ही में भारत 'ए' और दक्षिण अफ्रीका 'ए' के बीच तीन अनऑफिशियल टेस्ट मैचों की सीरीज खेली गई, जो कि ड्रॉ रही थी। इसमें पांचाल को भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया था। उन्होंने इस सीरीज के पहले मैच में तेज और उछाल भरी पिचों पर दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाजों का डटकर सामना करते हुए 96 रनों की आकर्षक पारी खेली थी। हालांकि पांचाल यहां दुर्भाग्यशाली रहे और मात्र चार रन से शतक बनाने से चूक गए।

 

 

#Akash Chopra

Source : Agency

पाठको की राय