Monday, October 19th, 2026

अकासा एयर ने 150 विमान का ऑर्डर देने की घोषणा की, इंडिगो, एयर इंडिया ने एक साल में 1,120 विमान का दिया ऑर्डर

नई दिल्ली
अकासा एयर ने बृहस्पतिवार को 150 विमान का ऑर्डर देने की घोषणा की। इसके साथ ही तीन भारतीय विमानन कंपनियों ने मिलकर एक साल के भीतर कुल 1,120 विमानों का ऑर्डर दिया है। दो साल से भी कम पुरानी अकासा एयर ने 150 बोइंग 737 मैक्स विमानों के लिए पुष्ट ऑर्डर दिया है। इसमें 737 मैक्स-10 और 737 मैक्स 8-200 विमान शामिल हैं। वर्ष 2023 में एयर इंडिया और इंडिगो ने मिलकर बोइंग और एयरबस को 970 विमानों के ऑर्डर दिए।
 
तीनों कंपनियां तेजी से बढ़ते भारतीय विमानन क्षेत्र में पैठ बढ़ाने के लिए अपने बेड़े के विस्तार पर जोर दे रही हैं। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने पिछले साल फरवरी में 470 विमानों का ऑर्डर दिया था। इसमें 250 विमानों का ऑर्डर एयरबस को और 220 विमानों का ऑर्डर बोइंग को मिला। इसके बाद जून में, देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने एयरबस के साथ 500 विमान खरीदने के लिए समझौता किया।
 
पिछले साल फरवरी से अकासा एयर, एयर इंडिया और इंडिगो ने मिलकर 1,120 विमानों का ऑर्डर दिया है। भारतीय एयरलाइंस पहले ऑर्डर दिए जा चुके विमानों की आपूर्ति के लिए भी तैयार हैं। अकेले इंडिगो के पास लगभग 1,000 विमानों की ऑर्डर बुक है। एक विश्लेषण के अनुसार, आने वाले वर्षों में घरेलू एयरलाइंस को कुल मिलाकर 1,600 से अधिक विमान सौंपे जाएंगे। इस समय भारतीय विमानन कंपनियों के बेड़े का कुल आकार 730 है।

 

 

#अकासा एयर#इंडिगो#एयर इंडिया

Source : Agency

पाठको की राय