Saturday, October 24th, 2026

पटना जंक्शन पर मिलेगी एयरपोर्ट जैसी सुविधा, बनेगा एग्जीक्यूटिव लाउंज

पटना
पटना जंक्शन पर ट्रेन का इंतजार बोझिल नहीं होगा. इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आइआरसीटीसी) अब रेलवे स्टेशनों पर एयरपोर्ट जैसी सुविधा देगी. पटना में भी एग्जीक्यूटिव लाउंज बनाने की योजना है. इस पर दो से चार करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है.

नयी दिल्ली जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एयरपोर्ट जैसी सुविधा वाला एग्जीक्‍यूटिव लाउंज खोला गया है. यहां बैठने के लिए आरामदायक कुर्सी, बिजनेस सेंटर, बुफे व शॉवर रूम जैसी सुविधाएं यात्रियों के लिए उपलब्ध हैं.

एग्जीक्यूटिव लाउंज होने से ट्रेन का इंतजार करना काफी आरामदायक होगा. लेकिन, इसके लिए यात्रियों को खर्च करना होगा. अभी जिन स्टेशनों पर यह सुविधा है, वहां एक घंटा रुकने के लिए 150 रुपये व इसके बाद प्रति घंटा 99 रुपये का शुल्क लिया जा रहा है.

इसमें यात्रियों को वाइफाइ, बैठने का स्थान, मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग प्वाइंट और कॉम्प्लीमेंट्री कॉफी मिलेगी. आराम कुर्सी का उपयोग करने पर 500 रुपये प्रति दो घंटे की दर से देने होते हैं. सूत्रों के अनुसार नयी दिल्‍ली जंक्शन पर खोला गया दूसरा लाउंज है.

इससे पहले आइआरटीसीटी ने 2016 में पहला लाउंज खोला था, जो प्लेटफॉर्म नंबर 16 पर है. इस तरह आगरा, जयपुर, सियालदह, अहमदाबाद व मदुरै रेलवे स्टेशनों पर भी एग्जीक्यूटिव लाउंज है. वाराणसी, लखनऊ व चंडीगढ़ में भी एग्जीक्यूटिव लाउंज खोलने की योजना है.

नयी दिल्ली जंक्शन के एग्जीक्यूटिव लाउंज में खाने के लिए बुफे सिस्टम बनाया गया है. यात्रियों के लिए वेज व नॉनवेज दोनों ही तरह की व्‍यवस्‍था है. भोजन की कीमत 250 रुपये से लेकर 350 रुपये प्रति व्यक्ति है.

लाउंज में नहाने व कपड़े बदलने की सुविधा भी दी गयी है. इसके लिए 200 रुपये फीस है. कंप्यूटर और प्रिंटर का उपयोग करने पर यात्रियों को 100 रुपये प्रति घंटा देने होते हैं.

 

#Airport

Source : Agency

पाठको की राय