Tuesday, October 20th, 2026

आईटीआई में आगामी सत्र से एयरक्राफ्ट ड्रोन का पाठ्यक्रम भी

जबलपुर
 शासकीय तकनीकी कौशल विकास संस्थान में आगामी सत्र 2022-23 के लिए चार नए ट्रेड प्रारंभ किए जा रहे हैं। इसमें सबसे अहम रिमोटली पायलेटेड एयरक्राफ्ट ड्रोन का पाठ्यक्रम है, जिसमें ड्रोन का संचालन करने का हुनर सिखाया जाएगा। इसके अलावा अन्य तीन नए ट्रेड हैं, ये सभी छह माह के सर्टीफिकेट कोर्स होंगे। इसमें आवेदन के लिए आनलाइन 12 जून तक आवेदन किया जा सकता है।

प्राचार्य तकनीकी कौशल विकास संस्थान टीके नंदनवार ने बताया कि एशियन विकास बैंक की मदद से नए ट्रेड प्रारंभ किए जा रहे हैं। इसमें रिमोटली पायलोटेड एयरक्राफ्ट ड्रोन भी एक है। जिसमें विद्यार्थियों को ड्रोन के संचालन से जुड़ी सारी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आज ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल हर क्षेत्र में हो रहा है। शादी-ब्याह से लेकर कृषि, सुरक्षा, व्यावसाय समेत कई जगह पर ड्रोन का उपयोग होता है। इसके लिए कुशल संचालक की जरूरत होती है जिसकी आने वाले समय में भारी मांग बनने वाली है। इसलिए 10वीं के पश्चात इस ट्रेड के जरिए बेहतर रोजगार का सृजन किया जा सकता है। प्राचार्य ने बताया कि छह माह का यह कोर्स होगा जिसमें 20 सीट निर्धारित की गई है। इसके लिए विशेषज्ञों को संस्थान में आंमत्रित किया जाएगा।

 

#एयरक्राफ्ट ड्रोन

Source : Agency

पाठको की राय