यूपी में 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी AIMIM
हैदराबाद
बिहार विधानसभा चुनाव में अच्छे प्रदर्शन के बाद ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्ताहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने अगले साल यूपी में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी 2022 विधानसभा चुनाव में 100 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। एआईएमआईएम के इस ऐलान से समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस जैसे दलों की चिंता बढ़ सकती हैं, जो मुस्लिम वोटों पर दावा करती हैं।
एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में ओम प्रकाश राजभर की अगुआई वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, (एसबीएसपी) और कुछ अन्य छोटे दलों के फ्रंट भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी 100 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।
हैदराबाद से सांसद ने हिंदी में ट्वीट करते हुए कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। वह अक्सर इस प्लैटफॉर्म पर अंग्रेजी में अपनी बात रखते हैं। ओवैसी ने ट्वीट किया, '' उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर मैं कुछ बातें आपके सामने रख देना चाहता हूं:-1) हमने फैसला लिया है कि हम 100 सीटों पर अपना उम्मीदवार खड़ा करेंगे। पार्टी ने उम्मीदवारों को चुनने का प्रक्रिया शुरू कर दी है और हमने उम्मीदवार आवेदन पत्र भी जारी कर दिया है।''

पाठको की राय