Sunday, October 25th, 2026

अग्निवीर का परिवार बोला मिले 1 करोड़ से ज्यादा, कहा-राहुल का दावा गलत

नई दिल्ली
अग्निवीर को लेकर लोकसभा में किया गया राहुल गांधी का दावा गलत साबित हुआ है। जान गंवाने वाले अग्निवीर के परिवार ने कहा है कि उन्हें सरकार से 1.08 करोड़ रुपए की मदद मिली थी। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने सोमवार को लोकसभा में कहा था कि अग्निवीर यूज एंड थ्रो लेबर हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि सीमा पर जान गंवाने वाले अग्निवीरों की सरकार सुधि नहीं ले रही है। उस दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इस बात का विरोध किया था और कहा था कि यह बात पूरी तरह से गलत है।

बताया पूरा सच
अग्निवीर अक्षय गावत के परिजन महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में पिंपलगांव सराय में रहते हैं। अक्षय गावत सियाचिन में ड्यूटी करते हुए एक अक्टूबर 2023 को अपनी जान गंवा बैठे थे। सोमवार को रिपोटर्स से बात करते हुए अक्षय के पिता लक्ष्मण गावते ने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि अक्षय की मौत पर परिवार को उसके इंश्योरेंस के 48 लाख रुपए मिले थे। इसके अलावा केंद्र सरकार ने 50 लाख रुपए और प्रदेश सरकार की तरफ से 10 लाख रुपए मिले थे। इस दौरान उन्होंने अक्षय की बहन के लिए सरकारी नौकरी की भी मांग की।

14 जून 2022 को आई थी योजना
गौरतलब है कि अग्निपथ योजना की घोषणा 14 जून, 2022 को की गई थी। इसमें 17 से 21 वर्ष की आयु वर्ग के युवाओं को केवल चार साल के लिए सेना में भर्ती करने का प्रावधान किया गया था, जिनमें से 25 प्रतिशत को आगे 15 और वर्षों के लिए बनाए रखने का प्रावधान है। सरकार ने बाद में ऊपरी आयु सीमा को बढ़ाकर 23 वर्ष कर दिया।

 

#Agniveer#Rahul Gandhi

Source : Agency

पाठको की राय