Wednesday, October 21st, 2026

ममता बनर्जी के खिलाफ, बीजेपी ने बंगाल में प्रियंका टिबरेवाल पर लगाया दांव


कोलकाता
पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव में सीएम ममता बनर्जी का मुकाबला बीजेपी की उम्‍मीदवार प्रियंका टिबरेवाल से होगा। शुक्रवार को बीजेपी ने उनके नाम का ऐलान कर दिया। भवानीपुर में 30 सितंबर को वोट डाले जाएंगे, काउंटिंग 3 अक्‍टूबर को होगी।

बीजेपी ने पश्चिम बंगाल के अपने उपाध्‍यक्ष और सांसद अर्जुन सिंह को भवानीपुर उपचुनाव का प्रभारी नियुक्‍त किया है। उनकी मदद के लिए सांसद सौमित्र खान और ज्‍योतिर्मय सिंह महतो होंगे। 8 बीजेपी विधायकों को आठों वॉर्ड का इंचार्ज बनाया गया है।

भवानीपुर के अलावा समसेरगंज विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में बीजेपी के मिलन घोष और जंगीपुर सीट पर सुजीत दास के नाम का ऐलान किया है। भवानीपुर में प्रियंका टिबरेवाल के नाम की चर्चा पहले से ही थी लेकिन शुक्रवार को पार्टी ने उनके नाम पर मुहर लगा दी। ममता बनर्जी नंदीग्राम से चुनाव हार गई थीं। इसके बाद उनके विश्वसनीय सोबनदेव चट्टोपाध्याय ने भवानीपुर सीट से इस्तीफा दे दिया था ताकि ममता बनर्जी यहां से चुनाव लड़ सकें।

टिबरेवाल बीजेपी नेता बाबुल सुप्रियो की कानूनी सलाहकार रह चुकी हैं। वह अगस्त 2014 में बीजेपी में शामिल हुई थीं। 2015 में, उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार के रूप में वॉर्ड संख्या 58 (एंटली) से कोलकाता नगर परिषद का चुनाव लड़ा, लेकिन टीएमसी के स्वपन समदार से हार गई थीं।

बीजेपी में अपने छह साल के कार्यकाल के दौरान, प्रियंका ने कई महत्वपूर्ण पदों पर रहीं अगस्त 2020 में उन्हें पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) का उपाध्यक्ष बनाया गया। इस साल उन्होंने एंटली से विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन टीएमसी के स्वर्ण कमल साहा से 58,257 मतों के अंतर से हार गईं।

 

Source : Agency

पाठको की राय