Sunday, October 25th, 2026

कन्हैयालाल की हत्या के बाद कहां बदले खून से सने कपड़े, बाइक में पेट्रोल किसने भरवाया?

उदयपुर
उदयपुर में 28 जून को कन्हैयालाल जघन्य हत्याकांड की जांच के सिलसिले में एनआईए टीम गुरुवार को फिर उदयपुर पहुंची। टीम इस मामले की जांच से जुड़े पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण करेगी। पता चला है कि कन्हैयालाल के मर्डर का पूरा क्राइम सीन रीक्रिएट किया जाएगा ताकि जांच को और गहराई तक ले जाया जा सके। टीम यहां कुछ और लोगों से पूछताछ करेगी। अब तक गिरफ्तार सभी आरोपियों से जयपुर में पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस केस की जांच कर रहे अधिकारी व एनआईए टीम के सदस्य एक बार फिर घटना स्थल का मौका मुआयना करेंगे। पूरा क्राइम सीन री-क्रिएट कर पता लगाया जाएगा कि घटना को कैसे अंजाम दिया गया था। आरोपी मौके से भागने में कैसे सफल हुए थे। आरोपियों के घटना स्थल पर पहुंचने से लेकर भागने तक का क्राइम सीन क्रिएट किया जाना है। एनआईए टीम उदयपुर में उन लोगों से भी पूछताछ करने वाली है जो किसी भी रूप में गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े थे। घटना से पहले और बाद में आरोपियों ने जिनसे टेलीफोन पर बातचीत की थी। साथ ही आरोपी के ग्रुप में शामिल सक्रिय लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में जो भी बातें अब तक सामने आई है, टीम उनकी भी तस्दीक करने वाली है। जांच के आगे बढ़ने के साथ ही और भी खुलासे होने की संभावना है।

एक और आरोपी अजमद हिरासत में...
एनआईए की टीम ने कन्हैयालाल की दुकान को खुलवाकर देखा है और उसकी वीडियोग्राफी भी करवाई गई है। गिरफ्तार आरोपी रियाज व गौस के घर से कुछ सिम बरामद की है। मोहसिन की दुकान और वसीम के ठिकानों की भी वीडियोग्राफी की गई है। एक अन्य शख्स को जांच के दायरे में लिया है जिसका नाम अमजद है। उसकी अजमेर हाइवे पर वेल्डिंग की दुकान है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने अमजद की दुकान में ही कपड़े बदले थे। यहीं से एक शख्स रियाज की बाइक में पेट्रोल भरवाने गया था। पेट्रोल पंप का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। एनआईए टीम अब अमजद से भी पूछताछ करेगी। बताया गया है कि 28 जून से ही अमजद की दुकान बंद है।

 

 

#After

Source : Agency

पाठको की राय