Sunday, October 25th, 2026

बिहार में चुनाव के बाद EVM लेकर जा रही गाड़ी ने बाइक सवार चाचा और दो भतीजों को मारी टक्कर, आक्रोशित लोगों ने वाहन पर किया पथराव

वैशाली/हाजीपुर.

वैशाली में हाजीपुर लोकसभा संसदीय सीट से चुनाव समाप्त होने के बाद हाजीपुर स्थित आरएन कॉलेज में बने वज्रगृह में ईवीएम ले जा रहे वाहन ने बाइक सवार एक युवक और दो बच्चे को टक्कर मार दी। इसके बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि घटनास्थल से भाग रहे वाहन को रोककर गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर पथराव किया।

पथराव में कई पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गये। घटना राजापाकर थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव की है। घायलों की पहचान महुआ थाना क्षेत्र के ताजपुर बुजुर्ग निवासी बिपुल कुमार (20 ), अंकित (14) और आदित्या कुमार (7) के रूप में की गई है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि चाचा और उनके दो भतीजे बाइक पर सवार होकर बाजार से घर लौट रहे थे। तभी फरीदपुर के पास वज्रगृह में ईवीएम ले जा रहे वाहन ने उन्हें रौंद दिया। इस घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना होते ही स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले गये, जहां स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया है। सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल में दो मासूम बच्चे और एक युवक है।

आक्रोशित लोगों ने मजिस्ट्रेट के गाड़ी पर किये पथराव
घटना होते ही घटनास्थल पर तुरंत वहां भीड़ जमा हो गई और गुस्साए ग्रामीणों ने मजिस्ट्रेट के गाड़ी को घेर लिया और उस पर पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गये। इधर घटना की सूचना मिलते ही राजापाकर समिति के आसपास के कई थानों की पुलिस घटनास्थल पहुंची। स्थिति को बिगड़ता देख महुआ एसडीपीओ सुरभ सुमन घटनास्थल पहुंचे और घटना से भड़के लोगों को शांत कराया।

 

#Bihar#EVM carrying vehicle

Source : Agency

पाठको की राय