Saturday, October 24th, 2026

संभाग के बाद सीएम शिवराज ने सीहोर, रायसेन जिले की ली बैठक


भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अगर हम अनलाक के दौरान अपना व्यवहार संयत रखेंगे तो कोरोना की तीसरी लहर नहीं आएगी। क्राइसेस मैनेजमेंट की जिम्मेदारी होगी कि अनलॉक की जो गाइडलाइन जारी होगी, उसे स्थानीय स्तर पर चर्चा कर लागू कराएं और उसके क्रियान्वयन में सख्ती करें। सीहोर में क्राइसेस मैनेजनमेंट कमेटी की बैठक के बाद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सीएम चौहान ने कहा कि क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी की यह भी जिम्मेदारी होगी कि जितनी भी योजनाएं चल रही हैं, उनके क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग करें। अगर कोई गड़बड़ करे तो उसे जेल भेजें। हम किसी भी कालाबाजारी करने वाले को नहीं बख्शेंगे। तीसरी लहर के पहले हमें लापरवाह नहीं होना है। इसके लिए हम अस्पताल, चिकित्सा सुविधा, आक्सीजन प्लांट, दवाओं की तैयारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने संभाग स्तर पर क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटियों के साथ कोरोना नियंत्रण को लेकर बैठकें करने के बाद आज सीहोर और रायसेन जिले में जिलास्तर पर बैठकें लीं। दोनों ही जिलों में सीएम चौहान ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि अनलाक के लिए सुझाव देने के साथ कोरोना वैक्सीनेशन के लिए ग्रामीण स्तर पर अवेयरनेस कार्यक्रम करें। लोगों को यह बताएं कि मास्क लगाना और साबुन या सैनिटाइजर से हाथ धोना न भूलें।
कोरोना की तीसरी लहर रोकने के लिए यह बहुत ही जरूरी है अन्यथा फिर संक्रमण बढ़ा तो मजबूरन सब कुछ बंद करना होगा जिसका असर जनजीवन पर पड़ेगा।  सीएम चौहान पहले सीहोर पहुंचे और वहां विधायकों व क्राइसेस मैनजमेंट कमेटी के साथ चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कोरोना काल में स्वागत आवभगत से दूर रहकर कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने पर जोर दिया और कहा कि सरकार अपने स्तर पर सभी व्यवस्थाएं बना रही है लेकिन कोरोना को खत्म करने का काम जनता की मदद के बिना संभव नहीं है। उन्होंने विकासखंड वार कोरोना जांच, मेडिकल किट वितरण, वैक्सीनेशन की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने रायसेन जाकर वहां भी ताजा अपडेट्स की जानकारी ली।

प्रदेश के ग्रामीण वेंडर को मिलेगी सौगात
सीएम चौहान ने 6 लाख ग्रामीण स्ट्रीट वेंडर्स के खाते में आज एक-एक हजार रुपए ट्रांसफर किए। साथ ही उन्होंने वेंडर्स से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि यह राशि उनका काम बंद होने के कारण दैनंदिन की जरूरतें पूरी करने में काम आएगी। सीएम ने अनलाक के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पालन करने का आग्रह किया।

कोविड संबंधी स्वास्थ्य अधोसंरचना पर बैठक
सीएम चौहान आज मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य मानकों के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थापना और आने वाले समय में कोविड 19 बीमारी से संबंधित स्वास्थ्य अधोसंरचना विकास को लेकर अधिकारियों और एक्सपर्ट्स से बात करने वाले हैं। वे एक जून से होने वाले अनलाक को लेकर बनाए गए 6 ग्रुप आफ मिनिस्टर्स के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा करेंगे। साथ ही कोरोना की समीक्षा भी करेंगे।

 

Source : Agency

पाठको की राय