श्रीबड़ी माता और श्रीराम दर्शन के बाद नाथ ने छिंदवाड़ा से भरा पर्चा
भोपाल/छिंदवाड़ा
मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए नामांकन की प्रक्रिया गुरुवार जारी है। नामांकन के लिए अब कुल तीन दिन शेष बचे हैं। 30 अक्टूबर नामांकन फार्म भरने की अंतिम तिथि रहेगी। इससे पहले शनिवार-रविवार अवकाश रहेगा। पूरे प्रदेश में 17 नवंबर को वोटिंग होगी।
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व पूर्व सीएम कमलनाथ आज छिंदवाड़ा में नामांकन दाखिल किया । अपने राजनीतिक जीवन में कमलनाथ के लिए यह दूसरा मौका होगा कि जब वे विधायक बनने के लिए छिंदवाड़ा विधानसभा से पर्चा दाखिल करेंगे। इससे पहले उन्होंने साल 2019 में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद छिंदवाड़ा से ही उपचुनाव लड़ा था और भाजपा के उम्मीदवार विवेक बंटी साहू को करीब 25 हजार वोटों से हराया था। इस बार फिर कमलनाथ दोबारा विधायक पद के लिए छिंदवाड़ा विधानसभा से चुनाव लड़ने जा रहे है। नामांकन से पहले कमलनाथ ने श्री बड़ी माता मंदिर और श्रीराम मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ सांसद नकुलनाथ और कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद रहेंगे।
छिंदवाड़ा की जनता ने मुझे प्यार और विश्वास दिया
नामांकन दाखिल करने से पहले कमलनाथ ने मीडिया से कहा कि मुझे छिंदवाडा की जनता ने पिछले चालीस साल से सिर्फ वोट ही नहीं दिया बल्कि उन्होंने प्यार और विश्वास भी मुझे दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पर भरोसा है। उनके सामने प्रदेश की तस्वीर है। सभी परेशान है भ्रष्टाचार से, बेरोजगारी, कृषि क्षेत्र में परेशान है। ये एक उम्मीदवार या पार्टी का प्रश्न नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश के भविष्य का सवाल है।
श्रीराम मंदिर बीजेपी का नहीं, यह सनातन का प्रतीक और पूरे देश का है
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का लोकसभा चुनाव से पहले लोकार्पण पर कमलनाथ ने कहा मंदिर बीजेपी का नहीं है। मंदिर पूरे देश का है और सनातन का सबसे बड़ा प्रतीक है।
अजय सिंह ने भी भरा पर्चा
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भी आज अपना नामांकन भरा है। नामांकन जमा करने से पहले उन्होंने अपने गृह गांव शिवराजपुर सांडा में अपने पिता अर्जुन सिंह के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किए इसके बाद वे चुरहट में अपनी कुलदेवी झदवा माता के दर्शन करने गए। यहां पर पूजा अर्चना करने के बाद वे नामांकन दाखिल करने पहुंचे।

पाठको की राय