Tuesday, October 20th, 2026

रानी कमलापति स्टेशन के बाद अब MP के तीन स्थानों के नाम परिवर्तन पर केंद्र सरकार ने लगाई मुहर

भोपाल
रानी कमलापति स्टेशन के बाद अब मध्यप्रदेश के तीन स्थानों के नाम बदलने को लेकर केन्द्र सरकार ने अपनी मंजूरी दे दी है। ऐतिहासिक व सांस्कृतिक  धरोहरों को समेटे तीन स्थानों बाबई, शिवपुरी और होशंगाबाद के नये नामों को केन्द्र सरकार ने पास कर दिया है। कवि व पत्रकार माखनलाल चतुर्वेदी की नगरी बाबई को अब माखन नगर, कुंडेश्वर मंदिर से जुड़े शिवपुरी का नाम ‘कुंडेश्वर धाम’ और मालवा के पहले शासक होशंग शाह के होशंगाबाद को नर्मदापुरम के नाम से जाना जाएगा। प्रदेश सरकार ने यह प्रस्ताव केन्द्र सरकार के पास भेजा था जो लंबे समय से रुका पड़ा था। अब केन्द्र सरकार ने इसे अपनी हरी झंडी देकर अंतिम मोहर लगा दी है। अब इस पर प्रदेश सरकार की ओर से की जाने वाली आगे की कार्यवाही की जाएगी।  

लेनी होती है एनओसी  
केन्द्र सरकार की गाईडलाइन के अनुसार किसी भी शहर, कस्बा या गांव का नाम बदलने के लिए राज्यसरकार केन्द्र सरकार से एनओसी (नो आब्जेक्शन सर्टिफिकेट) लेना होता है। इसके बाद केन्द्र सरकार अपने तीन प्रमुख विभाग इंटेलिजेंश ब्यूरो, जियोग्राफीकल सर्वे और अर्थसाइंस से इस बारे में रिपोर्ट मांगती है। इनसे रिपोर्ट मिलने पर केन्द्र सरकार प्रस्ताव पर अपनी मंजूरी दे देती है।   

नाम की राजनीति
प्रदेश में नाम बदलने की राजनीति पुरानी है। बीच बीच में शहर और स्थानों के नाम बदलने को लेकर मांग उठती रहती है। अभी हाल ही में भोपाल के हबीबगंज रेल्वे स्टेशन का नाम बदलकर गोंड रानी कमलापति के नाम पर किया गया है। जिसपर खासा विवाद भी सामने आया था। इसके पहले प्रदेश सरकार ने पुरानी विधानसभा का नाम जो मिंटो हाल था उसे भी बदलकर कुशाभाउ ठाकरे के नाम पर किया है। भोपाल का नाम बदलने की मांग भी सामने आ चुकी है।    

 

 

#Kamalapati station#government

Source : Agency

पाठको की राय