दशकों बाद बिना जर्मनी में रुके पीएम का विमान सीधे पहुंचा वाशिंगटन
नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्वाड सम्मेलन में हिस्सा लेने और संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने के लिए इस वक्त अमेरिका में हैं। प्रधानमंत्री बुधवार को एयर इंडिया की फ्लाइट से यूएस के लिए रवाना हुए। दशकों बाद यह मौका आया है जब प्रधानमंत्री का विमान नई दिल्ली से उड़ान भरने के बाद जर्मनी के फ्रैंकफर्ट सिटी में नहीं उतरा और सीधे अमेरिका पहुंचा। दरअसल पहले इतनी लंबी यात्रा के दौरान विमान को ईंधन लेने के लिए जर्मनी में उतरना पड़ता था लेकिन पीएम इस बार सीधे अमेरिका पहुंचे। करीब 15 घंटे लंबी इस यात्रा को बिना रुके पूरा करने का श्रेय पीएम मोदी के अत्याधुनिक एयर इंडिया वन प्लेन को जाता है जिसे हाल ही में शामिल किया गया है।एयर इंडिया के इस वीवीआईपी एयरक्राफ्ट को 4500 करोड़ से ज्यादा की कीमत में खरीदा गया है। इस एयरक्राफ्ट में बिना रूके लंबी उड़ान भरने की क्षमता है। यानी लंबी दूरी के लिए उड़ाने भरने के बावजूद इस एयरक्राफ्ट को दोबारा ईंधन लेने की जरुरत नहीं पड़ती है।
प्रधानमंत्री के विमान ने बुधवार को उड़ान भरी थी और रास्ते में पाकिस्तानी एयरस्पेस का इस्तेमाल किया गया था। इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के श्रीलंका दौरे के दौरान उनके विमान ने भारतीय एयरस्पेस का इस्तेमाल किया था। यह दूसरा मौका है जब प्रधानमंत्री ने न्यू एयर इंडिया वन विमान में बैठ कर उड़ान भरी थी। इससे पहले वो इस साल मार्च के महीने में इस विमान से बांग्लादेश गये थे। हालांकि, उनका यह संक्षिप्त दौरा था। इससे पहले भारतीय प्रधानमंत्री का विमान हमेशा ही जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में उतरा करता था। पीएम मोदी ने साल 2019 में अंतिम बार यूएस की यात्रा की थी। पीएम ने इस यात्रा के दौरान हाउसटन में आयोजित हाउडी मोदी में हिस्सा लिया था। इस यात्रा के दौरान भी उनका विमान फ्रैंकफर्ट में रुका था। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का विमान भी फ्रैंकफर्ट में रुका करता था।

पाठको की राय