Saturday, October 31st, 2026

Apple के बाद Google भारत में असेंबली यूनिट शुरू करने के लिए तैयार

 

नई दिल्ली

चीन को कोविड-19 के बाद से एक के बाद एक लगातार झटके लग रहे हैं। कोविड-19 प्रतिबंधों की वजह से चीन में स्मार्टफोन के निर्माण में देरी हो रही थी। जिसकी वजह से Apple जैसी कंपनियों ने अपनी मैन्युफैक्चरिंग चीन से भारत शिफ्ट करने का ऐलान किया है, जो चीन के लिए बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा था। लेकिन Apple के बाद गूगल ने चीन को जोरदार झटका देने की तैयारी में हैं। दरअसल, गूगल की तरफ से अपनी मैन्युफैक्चरिंग असेंबली को चीन से भारत शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। दरअसल, चीन में कोविड-19 की वजह से अभी भी प्रतिबंधों का दौर जारी है। ऐसे में ज्यादातर टेक कंपनियां चीन की जगह भारत और बाकी देशों की तरफ रुख कर रही हैं।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, टेक कंपनी गूगल (Google) भारत में Pixel स्मार्टफोन का निर्माण करेगी। इसके लिए कंपनी ने भारतीय मैन्युफैक्चर्स से 10 लाख पिक्सल स्मार्टफोन बनाने के लिए बिड सब्मिट करने का ऐलान किया है। ऐसा अनुमान है कि कंपनी अपने कुल पिक्सल स्मार्टफोन प्रोडक्शन का 10 से 20 फीसद निर्माण भारत में करेगी। बता दें कि इससे पहले तक पिक्सल स्मार्टफोन के कुल स्टॉक की मैन्युफैक्चरिंग चीन में होती थी।

जैसा कि मालूम है कि भारत सरकार की तरफ से देश में स्मार्टफोन के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए पीएलआई (प्रोडक्शन लिंक्ड इनीशिएटिव) स्कीम की शुरुआत की गई है, जिससे ज्यादा संख्या में स्मार्टफोन कंपनियां अपने स्मार्टफोन का निर्माण भारत में करें। वाजिब है कि केंद्र सरकार भारत को मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग हब के तौर पर विकसित करना चाहती है, जिसके लिए पीएलआई स्कीम पेश की है।

बता दें कि इससे पहले ब्लूमबर्ग की तरफ से रिपोर्ट किया गया था कि Apple कंपनी अपने स्मार्टफोन iPhone 14 की मैन्युफैक्चरिंग भारत में करेगी। लेकिन दो माह बाद स्मार्टफोन को चीन से रिलीज किया गया। हालांकि iPhone 14 को छोड़ दें, तो Apple अपने बाकी iPhone का प्रोडक्शन भारत में करती है।

 

Source : Agency

पाठको की राय