Friday, October 23rd, 2026

एसीएमओ के बाद 16 अधीक्षकों ने दिया सामूहिक इस्तीफा, लगाया ये आरोप

 गोंडा 
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एसीएमओ) डॉ. एपी सिंह ने डीएम मार्कंडेय शाही पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए बुधवार को इस्तीफा दे दिया। इसके बाद देर रात में प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के पदाधिकारियों के साथ जिले के सभी 16 सीएचसी और पीएचसी अधीक्षकों ने बैठक की और डीएम की कार्यशैली से नाराज होकर पद से सामूहिक इस्तीफा देने का निर्णय लिया। उन्होंने सीएमओ डॉ. आरएस केसरी को पद से इस्तीफे का पत्र भी सौंप दिया है। 

एसीएमओ और सीएचसी-पीएचसी अधीक्षकों ने डीएम पर असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने और चिकित्सकों को अपमानित करने का आरोप लगाया है। एसीएमओ डॉ. सिंह के इस्तीफा देने के बाद विवाद और बढ़ गया। एसीएमओ ने सीएमओ और स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह को भेजे इस्तीफे में लिखा है कि मंगलवार शाम को हुई समीक्षा बैठक में गोंडा जिलाधिकारी ने उन्हें आपत्तिजनक बातें कही। उन्हें एसीएमओ से प्रभारी चिकित्साधिकारी तक बनाए जाने की बात कही। 

डीएम ने इससे पहले भी उनका मनोबल तोड़ने के लिए कई बार प्रयास किया। यहां तक कि जमूरा, निकम्मा इत्यादि शब्दों का प्रयोग उनके लिए किया। त्यागपत्र के मुताबिक निगरानी समितियों के मेडिकल किट की समीक्षा के मामले में भी उन्हें डांट-फटकार लगाई गई। क्लस्टर कोविड टीकाकरण के लिए पोर्टल पर फीडिंग की बात उठाने पर डीएम ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया।

 

Source : Agency

पाठको की राय