Thursday, October 22nd, 2026

आस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छी शुरूआत के बाद हारने का मलाल : निसांका

लखनऊ.
श्रीलंका के बल्लेबाज पाथुम निसांका ने कहा कि 300 के करीब कोई भी स्कोर चुनौतीपूर्ण होता लेकिन उनकी टीम आस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छी शुरूआत का फायदा नहीं उठा सकी। निसांका ( 61) और सलामी बल्लेबाज कुसल परेरा (78) ने सोमवार को श्रीलंका को अच्छी शुरूआत देकर 125 रन की साझेदारी की लेकिन दस विकेट 84 रन के भीतर गंवाने से 209 का स्कोर ही बना सकी। आस्ट्रेलिया ने 35.2 ओवर में लक्ष्य हासिल करके तीन मैचों में पहली जीत दर्ज की।

निसांका ने मैच के बाद कहा ,'' अच्छी शुरूआत के बावजूद हम लय कायम नहीं रख सके जिससे बड़ा स्कोर नहीं बन पाया। इस तरह की विकेट पर 300 के करीब स्कोर होना चाहिये था।'' उन्होंने कहा ,'' मेरा मानना है कि मैने टीम के लिये सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। उम्मीद है कि आगे भी यह लय कायम रहेगी।'' श्रीलंका ने अभी तक तीनों मैच गंवा दिये हैं और अब सेमीफाइनल की उम्मीदें कायम रखने के लिये उसे बाकी छह मैच जीतने होंगे। अब उसका सामना शनिवार को नीदरलैंड से होगा।

 

#Sri Lankan batsman Nissanka

Source : Agency

पाठको की राय