Friday, October 23rd, 2026

38 दिन बाद खुलेंगे शहर के 11 बाजार, एक दिन में रोड के एक तरफ की दुकानें खोल सकेंगे व्यापारी


रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 17 मई से 11 बाजार खोलने पर सहमति बन चुकी है। अब स्थानीय थाने और नगर निगम के जोन अफसरों से चर्चा के बाद ये तय किया जा रहा है कि किन दुकानों को किस दिन खोला जाएगा। फिलहाल 11 बाजार में रोड के दाएं और बाएं हिस्से की दुकानों को एक दिन का गैप देकर खोलने की तैयारी है। जैसे सड़के बाएं हिस्से की दुकानें सोमवार को दाएं तरफ की दुकानें मंगलवार को खुलेंगी। बाजार के अध्यक्ष दुकानों को नंबर भी अलॉट कर सकते हैं। इसमें आॅड या ईवन नंबर की दुकानें एक दिन के गैप में खुल सकेंगी।
 

इन बाजारों को खोलने पर बनी सहमति
चेंबर आॅफ कॉमर्स के अध्यक्ष अमर परवानी ने बताया कि व्यापारियों और कलेक्टर डॉ एस भारतीदासन से चर्चा के बाद जिन बाजारों को शुरू करने की सहमति बनी है वो हफ्ते में 6 दिन शाम के 5 तक ही खुलेंगे। हर संडे पूरी तरह से लॉकडाउन का पालन होगा।
    1. गोल बाजार
    2. मालवीय रोड
    3. रवि भवन
    4. बंजारी मार्केट
    5. लाल गंगा कॉम्प्लेक्स
    6. जयराम कॉम्प्लेक्स
    7. सदर बाजार
    8. पंडरी कपड़ा बाजार
    9. बूढ़ा तालाब से लेकर लाखे नगर
    10.एम जी रोड
    11.गुढियारी बाजार
 

कुछ व्यापारी इस फैसले से नाराज
रायपुर शहर के सबसे प्रमुख बाजार गोल बाजार के व्यापारी प्रशासन के इस फैसले से खासे नाराज भी हैं। कुछ ने तो हड़ताल तक का प्रस्ताव आपसी चर्चा में रखा है। हालांकि स्थानीय व्यापारियों के एसोसिएशन नाराज कारोबारियों को मनाने में लगे हैं। व्यापारियों के बड़े वर्ग को ये फैसला नुकसान पहुंचाने वाला लगता है, उनका कहना है कि इससे व्यापार पर असर पड़ेगा। जबकि लगभग 1 महीने के लॉकडाउन की वजह से पहले ही काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नई गाइडलाइन में ये हैं शर्तें
    50% स्टाफ रोटेशन के साथ सरकारी दफ्तर खुलेंगे।
    कलेक्टर के नए आदेश के मुताबिक लोक सेवा केंद्र / चॉइस सेंटर शाम 5:00 बजे तक खोले जाएंगे।
    वाहन मरम्मत, पंचर, स्टेशनरी शॉप, लॉन्ड्री सर्विस, आटा चक्की, पैकेजिंग मैटेरियल संबंधित यूनिट्स 5:00 बजे तक खोलने की अनुमति रहेगी। गाड़ियों के शोरूम नहीं खुलेंगे लेकिन सर्विसिंग सेंटर खुलेंगे।
    किराना की दुकानें, डेली नीड्स, फल, सब्जी, अंडा, मछली, मटन, दुकानें शाम 5:00 बजे तक खुलेंगी।
    हार्डवेयर, प्लंबिंग, इलेक्ट्रिकल, एसी, कूलर से संबंधित दुकानें खुलेगी शाम 5:00 बजे तक।
    रायपुर शहर में अब ई-कॉमर्स जैसे अमेजॉन, फ्लिपकार्ट पर लगी रोक को हटा दिया गया है, इसकी सर्विस शाम 5 बजे तक मिलेगी।
    इस बार थोक किराना, अनाज, आलू प्याज दुकानों को भी छूट दी गई है, शाम 5:00 बजे तक इन्हें खोला जा सकेगा।
    पोस्ट आॅफिस, बैंक, बीमा कार्यालय 50% कर्मचारियों के साथ आम लोगों के लिए खुलेंगे।
    दूध पार्लर सुबह 6:00 बजे से 11:00 बजे तक और शाम को 5:00 से 7:30 बजे तक खोले जा सकेंगे।

 

Source : Agency

पाठको की राय