Friday, October 23rd, 2026

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर इतिहास रचा, ऐतिहासिक जीत के जश्न में डूबा अफगानिस्तान

नई दिल्ली
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया को हराकर टी20 विश्व कप 2024 के सुपर-8 चरण का सबसे बड़ा उलटफेर किया है। राशिद खान के नेतृत्व वाली अफगानिस्तान की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 21 रनों से हराया। पिछले कुछ समय से अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से कई बड़ी टीमों को धूल चटाई है। पिछले साल वनडे विश्व कप के दौरान टीम ने इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका को मात दी और जारी टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के बाद ऑस्ट्रेलिया को पटखनी दी है। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकने का श्रेय मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट और वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर और अफगानिस्तान के गेंदबाजी कोच ड्वेन ब्रावो को जाता है।

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर जोनाथन ट्रॉट ने जुलाई 2022 में मुख्य कोच के रूप में पदभार संभाला था। उनका कार्यकाल 18 महीने का था और 2023 में समाप्त हो गया था। लेकिन उनकी देखरेख में टीम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया, जिसको देखते हुए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट का अनुबंध एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया था। उनके मार्गदर्शन में अफगानिस्तान ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की और कई जीतें हासिल कीं। वहीं वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो को अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी20 विश्व कप के शुरू होने से पहले अफगानिस्तान टीम का गेंदबाजी सलाहकार बनाया गया था।

अफगानिस्तान के लिए ये जीत कई मायनों में ऐतिहासिक है। अफगानिस्तान ने पहली बार टी20 विश्व कप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया को हराया है, वहीं यह ऑस्ट्रेलिया की अफगानिस्तान के खिलाफ 6 अंतरराष्ट्रीय मैचों में पहली हार है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कुछ महीने पहले अफगानिस्तान के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज खेलने से इनकार कर दिया था, क्योंकि अफगानिस्तान में महिला क्रिकेट टीम को खेलने का अधिकार नहीं है। यह तीसरी बार हुआ था, जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने सितंबर 2021 में एशियाई राष्ट्र पर तालिबान के नियंत्रण के बाद से अफगानिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार किया है। खेल में महिलाओं की भागीदारी पर तालिबान ने प्रतिबंध लगा दिया था, जिसकी सीए ने निंदा की।

 

 

#Afghanistan cricket team

Source : Agency

पाठको की राय