Wednesday, October 21st, 2026

अफगानिस्तान के कोच ट्रॉट को पाकिस्तान के खिलाफ जीत की उम्मीद

चेन्नई.
अफगानिस्तान के मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट को उम्मीद है कि उनकी टीम सोमवार को यहां पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करके एक दिवसीय विश्व कप में अपने अभियान को जीवंत बनाए रखेगी। उन्होंने कहा कि इन दोनों टीमों के बीच कड़ी प्रतिद्वंदिता रही है जिससे यह मैच बेहद रोमांचक होने की संभावना है।

ट्रॉट ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा,''मेरा मानना है कि यह उनके (अफगानिस्तान) लिए प्रतिद्वंदिता रही है जो उन्हें अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है। यह ऐसी प्रतिद्वंदिता है जिसको लेकर अतीत में काफी जुनून रहा है।'' उन्होंने कहा,''लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि कल आपको रोमांचक मैच देखने को मिलेगा। यह प्रतिद्वंदिता की प्रकृति है। दोनों टीम एक दूसरे का सम्मान करती हैं लेकिन वे जीत के लिए बेताब हैं। ''

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ अगस्त में खेली गई तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में 3-0 से जीत दर्ज की थी। बाबर आजम की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम ने हालांकि दूसरे वनडे में एक विकेट के मामूली अंतर से जीत हासिल की थी। ट्रॉट ने कहा,''हमने हाल में उनके खिलाफ वनडे श्रृंखला खेली थी जिसमें हमें कुछ मैच जीतने चाहिए थे। हम ऐसा नहीं कर पाए। हम कल इसमें सुधार कर सकते हैं।''

 

#Afghan coach Trott

Source : Agency

पाठको की राय