Tuesday, October 20th, 2026

मुंगेली में अवैध मिट्टी उत्खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

रायपुर.

मुंगेली जिले के ग्राम पंचायत भरुवागुड़ा और ग्राम चिचेसरा में अवैध मिट्टी उत्खनन की शिकायत मिलने पर जिला प्रशासन की टीम द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर राहुल देव के मार्गदर्शन में एसडीएम मुंगेली आकांक्षा शिक्षा खलखो के नेतृत्व में पुलिस और खनिज  विभाग की टीम को तत्काल रवाना किया गया। अवैध उत्खनन कार्य में संलग्न मेसर्स कन्हैया लाल अग्रवाल कांट्रेक्टर पर कार्रवाई कर पांच लाख 27 हजार से अधिक का दंड अधिरोपित किया गया।

मौके पर लगभग 20 फीट मिट्टी की गहरी खुदाई मिली। ग्राम पंचायत भरुवागुड़ा से 02 हजार 270 घनमीटर तथा आश्रित ग्राम चिचेसरा से 240 घनमीटर मिट्टी का अवैध उत्खनन पाया गया। इस प्रकार दोनों ही गांवों से कुल 02 हजार 510 घनमीटर मिट्टी का अवैध उत्खनन किया गया। खनिज विभाग द्वारा रकबे का आंकलन कर जुर्माना अधिरोपित किया गया।
प्रशासन, पुलिस तथा खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर मिट्टी ले जा रही हाईवा वाहन क्रमांक एम एच40 सी एच 3291 को शीतल कुंडा से जप्त किया। वाहन मालिक को इसकी सूचना दी गई है। उत्खनन में संलग्न वाहन पर आरटीओ द्वारा वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है तथा पीडब्ल्यूडी द्वारा नोटिस जारी कर संबंधित ठेकेदार से रॉयल्टी क्लीयरेंस भी मांगा गया है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।

गौरतलब है की जिले में अवैध उत्खनन पर प्रशासन द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है।पुलिस,परिवहन एवं खनिज विभागों के समन्वय से सक्रिय रूप से निगरानी भी की जा रही है और इसी कड़ी में इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।

 

#Contractor did illegal soil

Source : Agency

पाठको की राय