Tuesday, October 20th, 2026

एडिशनल एसपी रैंक की महिला अफसर ने दर्ज कराया डॉक्टर पति पर दहेज प्रताड़ना का केस

भोपाल
भोपाल में दहेज प्रताड़ना के एक हाईप्रोफाइल मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पीएचक्यू में पदस्थ एक महिला पुलिस अधिकारी ने अपने पति के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पति भोपाल के अस्पताल में ही डॉक्टर हैं। मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है।

राजधानी में पीएचक्यू में पदस्थ एडिशनल एसपी रैंक की एक महिला अफसर ने पिछले दिनों अपने डॉक्टर पति पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था। यह मामला बाहर नहीं आया, लेकिन शनिवार देर रात पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, इसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया है।

हालांकि मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण इस मामले में भोपाल पुलिस के अफसर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। वे सभी एक-दूसरे जिम्मेदार से बात करने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार पीएचक्यू में पदस्थ एडिशनल एसपी रैंक की एक महिला अधिकारी ने कल देर रात महिला थाना में दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है। महिला अफसर का पति शहर के सरकारी अस्पताल में डॉक्टर है। महिला अफसर की शिकायत के बाद देर रात महिला थाना पुलिस की एक टीम ने डॉक्टर के कल्पना नगर स्थित घर पर दहेज का सामान जब्त करने की कार्रवाई भी की।

इस मामले में महिला थाना पुलिस जांच कर रही है। हालांकि इस संबंध में जब महिला थाना प्रभारी अजिता नायर से बात करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन ही नहीं उठाया। वहीं, महिला अधिकारी ने भी इस मामले में कुछ भी बोलने से इंकार किया। सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले ही ये एडिशनल एसपी रैंक की महिला अफसर एक जिले से ट्रांसफर होकर पीएचक्यू पहुंची हैं।

 

#Additional SP

Source : Agency

पाठको की राय