Wednesday, October 21st, 2026

एक्टिव केस डेढ़ साल में सबसे कम, मिले सिर्फ 10 हजार नए मामले

नई दिल्ली

देश में फेस्टिव सीजन के दौरान दी गई ढील और लोगों के जमकर बाहर निकलने के बाद भी कोरोना केसों में कमी ने बड़ी राहत दी है। इस राहत के चलते यह संभावना भी जताई जाने लगी है कि शायद कोरोना की तीसरी लहर देश में अब नहीं आएगी। सोमवार को सामने आए आंकड़े में बीते 1 दिन में 10,229 नए केस दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा 11,926 लोग रिकवर हुए हैं और 125 लोगों की मौत हुई है। कोरोना के नए केसों की संख्या रिकवर हुए लोगों के मुकाबले लगातार कम बनी हुई है और इससे एक्टिव मामले भी तेजी से घट रहे हैं।

फिलहाल कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 1,34,096 ही रह गई है, जो बीते 523 दिनों यानी करीब डेढ़ साल के निचले स्तर पर है। अब तक देश में कुल 3.38 करोड़ लोग कोरोना संक्रमण को मात दे चुके हैं। कोरोना संक्रमण की रफ्तार में कमी की एक वजह वैक्सीनेशन को भी माना जा रहा है। हाल ही में एक अरब टीकों के लक्ष्य को पार करने के बाद भी देश में वैक्सीनेशन अभियान तेजी से चल रहा है। अब तक देश भर में 1.12 अरब से ज्यादा कोरोना टीके लगाए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश इस मामले में सबसे आगे है, जबकि महाराष्ट्र ने भी टीकाकरण के मामले में 10 करोड़ का लक्ष्य पार कर लिया है।

 

#10 thousand new cases found

Source : Agency

पाठको की राय