Saturday, October 31st, 2026

CG में आयुष्मान योजना में लापरवाही पर कार्रवाई, दो ऑपरेटरों की होगी बर्खास्तगी

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही.

जिला अस्पताल में ​IPD में भर्ती मरीजों के अनुपात में आयुष्मान योजना के लाभ में मिली भारी कमी पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है. कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो ऑपरेटरों को बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं. ​प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से भविष्य में कार्य में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है.

​जिला चिकित्सालय के सभाकक्ष में जीवन दीप समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई. कलेक्टर विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में हुई इस समीक्षा बैठक में आयुष्मान भारत योजना के तहत किए जा रहे कार्यों में भारी खामियां पाई गई. बैठक के दौरान जब अस्पताल के इंडोर पेशेंट डिपार्टमेंट (IPD) में भर्ती मरीजों की संख्या का मिलान आयुष्मान योजना के तहत लाभान्वित मरीजों से किया गया, तो आंकड़ों में भारी अंतर और गिरावट सामने आई. योजना के अंतर्गत क्लेम प्रस्तुत करने की रफ्तार भी बेहद धीमी पाई गई. इस असंतोषजनक कार्यप्रगति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जीवन दीप समिति के आयुष्मान ऑपरेटर अजय कुमार राठौर और अक्षय गुप्ता के खिलाफ नियमानुसार बर्खास्तगी की कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए.

​पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष जोर ​
कलेक्टर ने बैठक में स्पष्ट किया कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुँचना चाहिए. उन्होंने कहा कि ​पात्र मरीजों के उपचार से जुड़े अभिलेखों का संधारण पूरी तरह व्यवस्थित होना चाहिए. ​क्लेम प्रक्रिया तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर विलंब न हो. कोई भी पात्र मरीज जानकारी या कागजी प्रक्रिया के अभाव में आयुष्मान योजना के लाभ से वंचित न रहे.

 

#Ayushman

Source : Agency

आपकी राय

9 + 8 =

पाठको की राय