Tuesday, October 20th, 2026

हथियारों की तस्करी में गिरफ्तार आरोपित का खालिस्तानी कनेक्शन मिला

 बुरहानपुर
 अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किए गए खरगोन जिले के सतीपुरा गांव निवासी आसन सिंह भोंड का खालिस्तानी कनेक्शन मिला है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपित बुरहानपुर के पाचोरी गांव में बने देसी पिस्टल तस्करी कर खालिस्तान समर्थकों को बेचता था।

शिकारपुरा थाना पुलिस ने गत सात जनवरी को 21 देसी पिस्टलों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान आसन सिंह और पाचोरी निवासी सिकलीगर निहंग उर्फ नरेंद्र जंगल के रास्ते फरार होने में सफल हो गए थे। बाद में पुलिस ने निहंग को भी गिरफ्तार कर लिया था।

रविवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आसन सिंह को भी धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा ने बताया कि अभी उससे पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है कि अब तक उसने कितने हथियार तस्करी कर पहुंचाए हैं।

इस सफलता पर प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुरहानपुर पुलिस की प्रशंसा की है। ज्ञात हो कि जिले का पाचोरी गांव अवैध हथियार निर्माण के लिए कई दशक से कुख्यात है। यहां रहने वाले सिकलीगरों को समाज की मुख्य धारा में लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

 

#खालिस्तानी कनेक्शन मिला

Source : Agency

पाठको की राय