आधी रात कोटा में हादसा, भोपाल तक हड़कंप
भोपाल
शुक्रवार रात भोपाल आ रही जोधपुर-भोपाल पैसेंजर ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। यह हादसा कोटा जंक्शन के पास हुआ है। ट्रेन में भोपाल आने वाले कई यात्री सफर कर रहे थे, इसके चलते राजधानी तक चिंता बढ़ गई। जानकारी के अनुसार रात 10 बजकर 45 मिनट पर जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस कोटा जंक्शन पर पहुंची थी। ट्रेन की गति काफी धीमी थी, इस दौरान एसी कोच क्रमांक चार और पांच के दो-दो पहिए पटरी से नीचे उतर गए। ट्रेन की स्पीड कम होने से कोई हताहत नहीं हुआ।
जानकरी के अनुसार, जोधपुर भोपाल ट्रेन नंबर 14813 एक्सप्रेस ट्रेन शुक्रवार रात 10:45 पर कोटा स्टेशन पर पहुंची। प्लेटफार्म नंबर चार पर यह ट्रेन 10 की स्पीड पर पहुंची ही थी, तभी ट्रेन के इंजन के बाद के चार और पांच नंबर के एक एसी कोच और एक स्लीपर कोच के दो दो पहिए पटरी से नीचे उतर गए। जब कोच के पहिए पटरी से नीचे उतरे तो यात्रियों को झटका लगा और ट्रेन में हलचल मच गई। बाद में पता लगा की ट्रेन के पहिए पटरी से नीचे उतर गए।
स्पीड में होती ट्रेन तो हो सकती थी बड़ी दुर्घटना
जोधपुर से कोटा स्टेशन यह ट्रेन 11:05 पर भोपाल के लिए रवाना होती है। हादसे के बाद ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को सर्दी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। रात करीब 2 बजे के बाद ट्रेन को वापस भोपाल रवाना किया। इधर रेलवे सूत्रों का कहना है की पटरियों में गड़बड़ी की वजह से यह रेल हादसा हुआ है। अगर ट्रेन स्पीड में होती और इस तरह पहिए नीचे उतरते तो बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रैक से कोच के पहिए नीचे उतरने के मामले की रेल विभाग द्वारा जांच करवाई जाएगी।
डर के मारे ट्रेन से कूदे लोग, मची अफरा-तफरी
ट्रेन के पटरी से उतरने से कोच में सवार महिलाएं और बच्चे डर के मारे चीखने-चिल्लाने लगे। यात्री अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से कूदते नजर आए। यात्री अपनी जान बचाने के लिए प्लेटफार्म की विपरीत दिशा में अंधेरे में ही कूद पड़े। अपने सामानों के साथ लाइन पार करते हुए यह यात्री जैसे-तैसे प्लेटफार्म नंबर-3 पर पहुंचे। कुछ यात्रियों का कहना है कि दो नहीं ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतरे हैं।

पाठको की राय