Thursday, October 22nd, 2026

अब्दुल्ला शफीक और डेविड वीस ने खेली तूफानी पारी, इस्लामाबाद को हराकर लाहौर कलंदर्स दूसरी बार फाइनल में

 नई दिल्ली  

लाहौर कलंदर्स ने एक रोमांचक मैच में इस्लामाबाद युनाइटेड को छह रन से हराकर पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) 2022 के फाइनल में जगह बना ली है। लाहौर की टीम 2020 के बाद से दूसरी बार फाइनल में पहुंची है। फाइनल में अब रविवार को लाहौर का सामना डिफेंडिंग चैम्पियन मुल्तान सुल्तान्स से होगा। लाहौर कलंदर्स ने शुक्रवार रात गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए गए  मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 168 रन का स्कोर बनाया और फिर इस्लामाबाद की टीम को दो गेंद शेष रहते 162 रन पर समेट दिया।

अब्दुल्ला शफीक और डेविड वीस ने खेली तूफानी पारी
लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने 7 विकेट पर 168 रन का स्कोर बना डाला। लाहौर की ओर से अब्दुल्ला शफीक ने 28 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 52 रन जबकि डेविड वीस ने 8 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्के की मदद से 28 रन की तूफानी पारी खेली। उनके अलावा मोहम्मद हफीज ने 28 और कामरान गुलाम ने 30 रन बनाए।

इस्लामाबाद छह रन से लक्ष्य से दूर रह गई
लाहौर से मिले 169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इस्लामाबाद की टीम 19.4 ओवर में 162 रन ही बना सकी। टीम के लिए पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज मोईन खान के बेटे आजम खान ने 28 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 40 जबकि इंग्लैंड के एलेक्स हेल्स ने 38 रन बनाए। हालांकि वे टीम को जीत नहीं दिला सके। लाहौर कलंदर्स के लिए कप्तान शाहीन अफरीदी, जमान खान और हारिस राउफ ने ने 2-2 विकेट चटकाए।

 

#अब्दुल्ला शफीक

Source : Agency

पाठको की राय