पहले टेस्ट के लिए आकाश चोपड़ा ने चुनी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन
नई दिल्ली
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला कानपुर के ग्रीन पार्क में गुरुवार से खेला जाएगा। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने इस टेस्ट मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन चुनी है। केएल राहुल के चोट की वजह से सीरीज से बाहर होने से भारत को तगड़ा झटका लगा है। इस मैच में विराट कोहली को रेस्ट दिया गया है। वो दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया का हिस्सा होंगे। वहीं रोहित शर्मा को इस टेस्ट सीरीज में आराम दिया गया है। चोपड़ा का मानना है कि भारत को इस टेस्ट मैच में 6 स्पेशलिस्ट बल्लेबाजों के साथ नहीं उतरना चाहिए। आकाश चोपड़ा ने मयंक अग्रवाल और शुभमन गिल को बतौर ओपनर अपनी प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। इसके बाद चेतेश्वर पुजारा को नंबर 3 पर, कप्तान अजिंक्य रहाणे को चौथे और श्रेयस अय्यर को नंबर 5 पर बतौर बल्लेबाज चुना है। सूर्यकुमार यादव को उन्होंने प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया है। ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को उन्होंने नंबर 6 पर और विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा को नंबर सात पर चुना है। अश्विन को उन्होंने अपने प्लेइंग इलेवन में नंबर 8 पर जगह दी है। अक्षर पटेल को उन्होंने नंबर 9 पर चुना है। उनका मानना है कि टीम इंडिया को पांच बॉलरों के साथ उतरना चाहिए। क्योंकि आर अश्विन और अक्षर पटेल भी निचले क्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं। तेज गेंदबाज के तौर पर उन्होंने उमेश यादव और मोहम्मद सिराज को चुना है। आकाश चोपड़ा का मानना है कि ये दोनों गेंदबाज ईशांत शर्मा से बेहतर रिवर्स स्विंग डालते हैं।
आकाश चोपड़ा की संभावित प्लेइंग इलेवन: मयंक अग्रवाल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), श्रेयस अय्यर, रविंद्र जडेजा, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज।

पाठको की राय