Friday, October 23rd, 2026

अमृतसर में स्वर्ण मंदिर परिसर में एक युवक ने खुद को गोली मार ली, गनमैन से छीनी थी पिस्तौल

चंडीगढ़
अमृतसर में स्वर्ण मंदिर परिसर में एक युवक ने खुद को गोली मार ली। घायल युवक को इलाज के लिए श्री गुरु नानक देव अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि युवक ने मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे एक वीआईपी के गनमैन से पिस्तौल छीनी थी।

जानकारी के अनुसार कुछ वीआईपी लोग अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने आए थे। वीआईपी लोग स्वर्ण मंदिर के अंदर गए, जबकि उनके सुरक्षाकर्मी बाहर गलियारे में खड़े रहे। इस दौरान एक युवक वहां आया और उसने गनमैन की पिस्तौल छीन ली और खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर हड़कंप मच गया। जिस जगह युवक ने खुद को गोली मारी है, वह गोल्डन टेंपल के ठीक सामने है, जहां दुकानें हैं। इसे प्रवेश द्वार कहते हैं।

पुलिस ने बताया कि खुद को गोली मारने वाला व्यक्ति प्रवासी था। मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पूछताछ कर रही है कि युवक कहां से आया था। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अमृतसर सिविल हॉस्पिटल में पोस्टमोर्टेम के लिए भेज दिया है।

 

#Golden Temple complex in Amritsar

Source : Agency

पाठको की राय